NEET पेपर लीक- राहुल ने स्टूडेंट प्रोटेस्टर से मुलाकात की: इनमें पुलिस वैन रोकने वालीं रिया भी शामिल; बोले- आपने कुछ गलत नहीं किया
Published:
2 min read

नेशनल डेस्क. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को NEET पेपर लीक पर प्रदर्शन करने वाले 5 स्टूडेंट्स से मुलाकात की। इनमें रिया अहीर भी शामिल थीं, जो मुंबई में प्रोटेस्टर को लेकर जा रही पुलिस वैन को रोककर चर्चा में आई थीं। इन स्टूडेंट्स पर प्रदर्शन के दौरान पुलिस पर कथित बल प्रयोग करने का आरोप है। राहुल गांधी ने कहा कि प्रोटेस्ट के दौरान इन स्टूडेंट्स से मारपीट की गई, अब प्रोटेस्ट खत्म होने के बाद इन्हें सोशल मीडिया पर निशाना बनाया जा रहा है।
स्टूडेंट्स के साथ मीडिया को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा- इन बच्चों ने कुछ भी गलत नहीं किया। इन्हें माफी मांगने की जरूरत नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि पीएम मोदी बच्चों की चिंता को समझने में नाकाम रहे।
राहुल ने कहा- हमने कुछ युवा प्रदर्शनकारियों के साथ खुलकर बातचीत की। उन्होंने मुझे बताया कि कैसे उन पर हमला किया गया, उन्हें डरा-धमकाया गया और धमकाया गया। मुझे उन पर बहुत गर्व है। ऐसे ही हजारों युवा भारतीयों ने जो किया है उस पर मुझे गर्व है। उन्होंने संविधान की रक्षा की है, उन्होंने भारत के विचार की रक्षा की है। उन्होंने भारत के भविष्य की रक्षा की है। बेकार और दोषपूर्ण एजुकेशन सिस्टम को लेकर शिकायत करना कोई अपराध नहीं है।
उन्होंने कहा, सिस्टम को ठीक करने की जरूरत है। यही हम सब की मांग है। इन बच्चों ने हिंसा नहीं की। ये उग्र नहीं हुए। इन्हें पीटा गया और इन्हें धमकी दी गई। पहले घरों में गुंडे भेजे गए, 15 साल की बच्ची को माफी मांगने के लिए मजबूर किया गया। फिर माफी स्वीकार करना, ये बकवास है। हम इसे स्वीकार नहीं करते। हम एक अच्छा एजुकेशन सिस्टम चाहते हैं। हम चाहते हैं कि बच्चों के भविष्य का सम्मान हो, उसे सुरक्षित किया जाए।
पीएम-गृह मंत्री पर साधा निशाना
राहुल गांधी ने पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा- ये युवा भारत की मीडिया के सामने खड़े हैं। लेकिन पीएम और गृह मंत्री में यहां खड़े होने की हिम्मत नहीं है। राहुल ने कहा- ऐसे ही बच्चों की देश को जरूरत है। इन्हें बोलने के लिए टॉर्चर किया गया। इसके बावजूद ये यहां खड़े होकर बोल रहे हैं, मुझे इन पर गर्व है।

