राहुल ने अमरिंदर सिंह को बताया फेवरेट नेता: कैप्टन बोले- सुनकर अच्छा लगा, लेकिन BJP में ही रहूंगा
Published:
3 min read

कैप्टन अमरिंदर सिंह और राहुल गांधी (फाइल फोटो)
नेशनल डेस्क. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पंजाब के पूर्व CM कैप्टन अमरिंदर सिंह को BJP में अपना फेवरेट नेता बताया है। राहुल के इस बयान के बाद पंजाब की राजनीति में नई चर्चा शुरू हो गई। अब कैप्टन अमरिंदर सिंह ने भी राहुल के बयान पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा- राहुल ने अच्छी बात कही, लेकिन व्यक्तिगत रिश्तों का उनकी मौजूदा राजनीति पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
दरअसल, राहुल गांधी ने स्टूडेंट्स और Gen-Z के साथ इंस्टाग्राम पर 'Ask Me Anything' सेशन के दौरान यह बात कही। उनसे सवाल किया गया था कि BJP में उनका पसंदीदा राजनेता कौन है।
राहुल बोले- हैलो अंकल अमरिंदर
इस पर राहुल ने कैप्टन अमरिंदर सिंह का नाम लिया। राहुल ने कहा कि उनकी अमरिंदर सिंह से अच्छी बनती है और वह कूल हैं। राहुल ने कैप्टन की मिलिट्री हिस्ट्री की जानकारी की भी तारीफ की और मजाकिया अंदाज में कहा, 'हैलो अंकल अमरिंदर।'
ये भी पढ़ें: महिला सशक्तिकरण पर राहुल गांधी के पोस्ट पर सियासी जंग: रिजिजू बोले- वुमन रिजर्वेशन का भी सपोर्ट कर दो, जवाब मिला- 3 साल पहले ही कर चुके
कैप्टन बोले- राहुल और प्रियंका को बचपन से जानता हूं
राहुल के बयान के एक दिन बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का उनके बारे में इस तरह बोलना अच्छी बात है। इसके साथ ही कैप्टन ने गांधी और अपने परिवार के पुराने संबंधों का भी जिक्र किया।
अमरिंदर सिंह ने कहा कि वह राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को उनके बचपन से जानते हैं। राहुल के पिता और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी उनके क्लासमेट और दोस्त रहे थे। दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से व्यक्तिगत संबंध रहे हैं।
'व्यक्तिगत संबंध अपनी जगह, राजनीति अपनी जगह'
हालांकि, कैप्टन अमरिंदर सिंह ने यह भी साफ किया कि गांधी परिवार के साथ उनके व्यक्तिगत रिश्तों का उनकी वर्तमान राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि वे BJP में ही रहेंगे। अमरिंदर का यह बयान इसलिए भी अहम है क्योंकि वह लंबे समय तक कांग्रेस के दिग्गज नेताओं में शामिल रहे हैं और पंजाब में कांग्रेस सरकार में CM भी रहे।
ये भी पढ़ें: पता नहीं किस बात से डर रहे: राहुल गांधी के प्रोग्राम की परमिशन कैंसिल होने पर भड़कीं प्रियंका गांधी
कांग्रेस छोड़कर BJP में आए थे अमरिंदर
कैप्टन अमरिंदर सिंह का कांग्रेस के साथ दशकों पुराना रिश्ता रहा है। वह दो बार पंजाब के मुख्यमंत्री रहे। हालांकि, 2021 में पंजाब कांग्रेस में चले लंबे सियासी टकराव के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री पद छोड़ दिया था। इसके बाद अमरिंदर सिंह ने कांग्रेस से भी इस्तीफा दे दिया और अपनी पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस बनाई। 2022 में उन्होंने अपनी पार्टी का BJP में विलय कर दिया और खुद भी BJP में शामिल हो गए।

