'इंदिरा सरकार में बूथ से पेटी लूट ली जाती थी': 'वोट चोरी' पर राहुल गांधी को रवि किशन का पलटवार, बोले- उल्टा चोर कोतवाल को डांटे
Published:
4 min read

बीजेपी सांसद रवि किशन (फाइल फोटो)
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने गुरुवार (7 अगस्त) को चुनाव आयोग पर वोटर लिस्ट में धांधली के आरोप लगाए। अब राहुल गांधी पर गोरखपुर से बीजेपी सांसद रवि किशन ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा, इंदिरा सरकार में बूथ की पूरी की पूरी पेटियां लूट ली जाती थीं। इसके बहुत सारे सबूत भी हैं। राहुल गांधी को इमैच्योर बताते हुए रवि किशन ने कहा, जिन राज्यों में कांग्रेस जीतती है, उसका वे जवाब क्यों नहीं देते?
रवि किशन ने कहा- उल्टा चोर कोतवाल को डांटे। इतिहास उठा लो, पहले के भी ऐसे बहुत सारे प्रूफ है, जब इंदिरा गांधी की सरकार के दौरान पूरे के पूरे बूथ की पेटियां लूट ली जाती थीं।
‘हार का ठीकरा चुनाव आयोग पर फोड़ना चाहते हैं राहुल’
रवि किशन ने कहा, ‘ये (राहुल गांधी) कई राज्यों में जीते तब ये नहीं बोले..। ये समझ नहीं आ रहा जहां आप हारते हैं, वहां आप छाती पीटने लगते हैं। हार का ठीकरा आप भाजपा और चुनाव आयोग पर फोड़ना चाहते हैं। जहां आप जीते हैं पहले उसका जवाब दे वहां कैसे जीते? 2014 के बाद जिन राज्यों में कांग्रेस जीती है, उसका जवाब क्यों नहीं देते?’
डेमोक्रेसी पर आरोप लगाना दुखद: रवि किशन
गोरखपुर सांसद ने कहा, चुनाव आयोग और डेमोक्रेसी पर आरोप लगाना गलत है। जहां आपको जनता हरा रही हैं वहां आप जनता के वोट पर प्रश्न चिन्ह लगा रहे हैं। चुनाव आयोग, संविधान और डेमोक्रेसी पर आप आरोप लगा रहे हैं। ये बहुत दुखद है इतनी बड़ी डेमोक्रेसी की हत्या करने की बात करते हैं।’
राहुल गांधी का चुनाव आयोग पर धांधली का आरोप
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को बिहार वोटर लिस्ट संशोधन के बहाने चुनाव आयोग पर बड़ा आरोप लगाया। राहुल गांधी ने दावा किया कि महाराष्ट्र चुनाव में धांधली हुई थी। उन्होंने कहा- महाराष्ट्र में 40 लाख वोटर संदिग्ध थे। आबादी से ज्यादा वोटर राज्य में थे। एग्जिट पोल कुछ और नतीजे कुछ और थे। उन्होंने पूछा कि EC इलेक्ट्रॉनिक डाटा क्यों नहीं देता? राहुल गांधी ने कर्नाटक में चुनावी धोखाधड़ी होने का दावा किया है। राहुल के आरोपों पर चुनाव आयोग ने उनसे शपथ पत्र दाखिल करने को कहा है।
'महाराष्ट्र में 1 करोड़ वोटर बढ़े'
राहुल गांधी ने कहा, महाराष्ट्र में 5 साल से ज्यादा 5 महीने में वोटर बढ़े। इससे हमारा शक और बढ़ गया। हमने 5 बजे के बाद वोटर टर्नआउट में बड़ा इजाफा देखा। विधानसभा चुनाव में हमें नुकसान हुआ, जबकि लोकसभा चुनाव में हमारा प्रदर्शन अच्छा था। हमने पाया कि लोकसभा से विधानसभा चुनाव के बीच 1 करोड़ नए वोटर आए। हम इसे लेकर चुनाव आयोग गए और कहा कि महाराष्ट्र चुनाव में चोरी हुई है। वोटर लिस्ट देश की संपत्ति है। लेकिन चुनाव आयोग ने हमें यह देने से इनकार कर दिया।
राहुल ने कहा, इससे भी आश्चर्यजनक यह था कि उन्होंने कहा, वे सीसीटीवी फुटेज डिलीट करने जा रहे हैं। यह हमारे लिए आश्चर्यजनक था क्योंकि महाराष्ट्र में शाम 5:30 बजे के बाद भारी मतदान के बारे में एक सवाल था ताकि आंकड़ों का मिलान किया जा सके। हमारे लोगों को पता था कि मतदान केंद्रों पर ऐसा कुछ नहीं हुआ था। शाम 5:30 बजे के बाद भारी मतदान नहीं हुआ था। इन दो बातों ने हमें विश्वास हो गया कि भारत का चुनाव आयोग चुनावों में सेंध लगाने के लिए भाजपा के साथ सांठगांठ कर रहा है।
EC बीजेपी की मदद कर रहा है- राहुल गांधी
एक रिपोर्टर के सवाल पर राहुल गांधी ने कहा कि EC मेरे ऊपर अटैक नहीं कर रहे हैं क्योंकि में सही हूं। EC बीजेपी की मदद कर रहा है। अब बॉल EC के हाथ में है। उन्होंने कहा यहां तो अम्पायर ही दूसरी टीम का है, यहां आप चुनाव EVM से कराओ या फिर बैलेट से कराओ, इससे फर्क नहीं पड़ता। राहुल गांधी ने कहा कि हमें ये मालूम है कि 100 प्रतिशत यही मॉडल है। इसे देश में रिप्लीकेट किया जा रहा है।

