राहुल गांधी और खड़गे का PM मोदी को पत्र: जम्मू कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा देने की मांग, लिखा- यह घाटी के लोगों का लोकतांत्रिक और संवैधानिक अधिकार
Published:
2 min read

विपक्षी नेता राहुल गांधी और कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर जम्मू कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा देने की मांग की है। दोनों नेताओं ने पीएम मोदी से 21 जुलाई को शुरू हो रहे मानसून सत्र में इससे जुड़ा विधेयक लाने की अपील की है।
समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, राहुल गांधी और खड़गे ने केंद्र से विधेयक लाकर केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख को संविधान की 6वीं अनुसूचि में शामिल करने की भी मांग उठाई है।
'5 सालों से पूर्ण राज्य की मांग कर रहे लोग'
अपने पत्र में राहुल गांधी और खड़गे ने दावा किया है कि जम्मू कश्मीर के लोग पिछले 5 साल से लगातार पूर्ण राज्य के दर्जे की मांग कर रहे हैं, जिसे अगस्त 2019 में आर्टिकल 370 वापस लेने के बाद खत्म कर दिया गया था।
राहुल गांधी और खड़गे ने अपने पत्र में लिखा, 'जम्मू कश्मीर के लोगों की मांग जायज है और उनके संवैधानिक और लोकतांत्रिक अधिकारों पर आधारित है। यह समझना अहम है कि पहले भी केंद्र शासित प्रदेशों को राज्य का दर्जा दिया जा चुका है। स्वतंत्र भारत में जम्मू कश्मीर का पहला ऐसा मामला है, जहां किसी पूर्ण राज्य को विभाजन के बाद केंद्र शासित प्रदेश घोषित कर दिया गया।
पत्र में पीएम मोदी को याद दिलाया अपना वादा
पीएम मोदी के बयानों का जिक्र कर कांग्रेस नेताओं ने कहा, आप कई अवसरों पर खुद जम्मू कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा देने की बात दोहरा चुके हैं। भुवनेश्वर में 2024 में पीएम मोदी के एक इंटरव्यू का जिक्र करते हुए राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, पीएम मोदी ने कहा था कि राज्य का दर्जा बहाल करना सरकार का एक गंभीर वादा है और वह उस पर कायम है। श्रीनगर में 2024 में एक रैली में भी पीएम मोदी ने कहा था, केंद्र ने संसद में ये कहा है कि जम्मू कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा देंगे।

