राहुल का दावा- EC के खिलाफ सबूतों का एटम बम: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बोले- उसकी तुरंत टेस्टिंग हो जानी चाहिए
Published:
2 min read

राहुल गांधी ने दावा किया था कि चुनाव आयोग ‘वोट चोरी’ में शामिल है। राजनाथ सिंह ने कहा कि उनके पास कोई सबूत या प्रमाण नहीं है। (फाइल फोटो)
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने चुनाव आयोग को लेकर राहुल गांधी के दिए बयान पर चुटकी ली है। राजनाथ सिंह ने कहा, अगर उनके पास सबूतों का एटम बम है, तो उसकी तुरंत टेस्टिंग की जाना चाहिए।
दरअसल एक दिन पहले राहुल गांधी ने दावा किया था कि चुनाव आयोग ‘वोट चोरी’ में शामिल है और इस बारे में उनके पास ऐसा पुख्ता सबूत है जो ‘एटम बम’ की तरह है, जिसके फटने पर EC को कहीं छिपने की जगह नहीं मिलेगी।
‘सनसनीखेज बयान देना राहुल की पुरानी आदत’
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष ने चुनाव आयोग को लेकर अनर्गल बयान दिया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के पास सबूत हैं तो उन्हें सभी सबूतों को जनता के सामने रखना चाहिए। सच तो यह है कि उनके पास कोई सबूत या प्रमाण नहीं है।
खोदा पहाड़, निकली चुहिया- राजनाथ सिंह
उन्होंने कहा कि इससे पहले राहुल गांधी ने इस तरह का बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि जिस दिन मैं बोलूंगा, भूचाल आ जाएगा। जब वह बोले तो खोदा पहाड़ निकली चुहिया। राजनाथ सिंह ने कहा कि मैं तो राहुल गांधी से यही कहूंगा की जल्दी से जल्दी एटम बम फोड़ दीजिए। बस अपने आप को संतुलित और सुरक्षित रखिए।
2014 से ही कुछ गड़बड़ है- राहुल गांधी
इससे पहले राहुल गांधी ने कांग्रेस के एक कार्यक्रम में कहा कि मुझे हमेशा से संदेह था कि 2014 से ही कुछ गड़बड़ है। मुझे गुजरात विधानसभा चुनावों में पहले से ही संदेह था। कांग्रेस पार्टी को राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात में एक भी सीट नहीं मिलती, यह मेरे लिए आश्चर्यजनक था। अब मैं बिना किसी संदेह के कहता हूं कि हमारे पास सबूत हैं।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, "हमारे पास ऐसे सबूत हैं जो पूरे देश को दिखा देंगे कि चुनाव आयोग जैसी संस्था का अस्तित्व ही नहीं है, यह गायब हो चुकी है। इस सबूत को खोजने में हमें 6 महीने का लगातार काम लगा है।

