पता नहीं किस बात से डर रहे: राहुल गांधी के प्रोग्राम की परमिशन कैंसिल होने पर भड़कीं प्रियंका गांधी, पवन खेड़ा बोले- यह होकर रहेगा; प्रयागराज में होना है ‘छात्रों की गूंज’ इवेंट
Published:
3 min read

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और वायनाड से कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी गुरुवार (6 अगस्त) को संसद परिसर में किसी गंभीर मुद्दे पर चर्चा करते नजर आए। भारी बारिश के बीच दोनों भाई-बहनों के बीच कुछ देर तक इसी तरह बातचीत होती रही। (फोटो सोर्स: ANI)
नेशनल डेस्क। प्रयागराज में होने वाले राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' प्रोग्राम के लिए दी गई जगह की परमिशन रद्द कर दी गई है। ऐसे में कांग्रेस लीडर इस मुद्दे पर केन्द्र और राज्य की BJP सरकार पर निशाना साध रहे हैं। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने कहा है कि पता नहीं सरकार किस बात से डर रही है। वहीं, कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य पवन खेड़ा ने कहा है कि परमिशन कैंसिल होने के बावजूद ‘छात्रों की गूंज’ प्रोग्राम प्रयागराज में होकर रहेगा।
क्यों रद्द हुई परमिशन?
‘छात्रों की गूंज’ नाम का यह इवेंट कायस्थ पाठशाला (केपी) ट्रस्ट के एक मैदान में 8 अगस्त को होना था। इसकी परमिशन भी मिल चुकी थी। लेकिन अचानक 5 अगस्त को इसे वापस ले लिया गया।
केपी कॉलेज मैनेजमेंट ने शहर कांग्रेस कमेटी को भेजे लेटर में लिखा कि कॉलेज के खेल मैदान के इस्तेमाल की अनुमति वापस ली जा रही है। इसके पीछे तीन बड़ी वजहें बताई गईं।
पहली, इलाहाबाद हाईकोर्ट के एक पुराने आदेश का हवाला दिया गया, जिसमें कहा गया था कि किसी भी राजनीतिक इवेंट के कारण स्टूडेंट्स की पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
दूसरी, कॉलेज का कहना है कि कार्यक्रम होने से दो स्कूलों के स्टूडेंट प्रभावित होंगे और तीसरी यह कि बारिश के मौसम में खेल मैदान खराब होने का भी खतरा है, जिसकी मरम्मत में काफी वक्त लग सकता है।
कॉलेज प्रबंधन ने कांग्रेस से कहा कि अगर कार्यक्रम करना है तो इसे बारिश खत्म होने और स्कूलों की छुट्टियों के दौरान आयोजित किया जाए।
कांग्रेस नेता क्या बोले?
संसद परिसर में मीडिया ने जब इस मामले पर प्रियंका गांधी से सवाल किया तो जवाब मिला कि पता नहीं उन्हें किस बात का डर है। प्रियंका महज यह छोटा सा बयान देकर चली गईं। इसके कुछ देर बार वह राहुल गांधी के साथ देर तक बातचीत करती भी नजर आईं।
इसी दौरान कांग्रेस नेता पवन खेड़ा का स्टेटमेंट सामने आया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम तय तारीख पर ही होगा। उन्होंने BJP पर निशाना साधते हुए कहा- वे राहुल गांधी से डरते हैं। संसद के अंदर भी उनसे डरते हैं और बाहर भी। जब भी राहुल गांधी छात्रों की आवाज उठाने जाते हैं, हर बार कोई न कोई रुकावट खड़ी कर दी जाती है। लेकिन इस बार कार्यक्रम जरूर होगा और हम प्रयागराज जाएंगे।
यह भी पढ़ें...

