18वीं लोकसभा: राहुल गांधी डिफेंस कमेटी की 80% मीटिंग में शामिल नहीं हुए; बीजेपी का तंज- उन्हें देश की चिंता नहीं
Published:
2 min read

राहुल गांधी संसद की डिफेंस कमेटी की 10 में से सिर्फ 2 मीटिंग में शामिल हुए।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी संसद की रक्षा संबंधी कमेटी के भी सदस्य हैं। हालांकि, वे डिफेंस पैनल की 80 प्रतिशत मीटिंग में शामिल नहीं हुए। संसदीय रिकॉर्ड से ये जानकारी सामने आई है। इसे लेकर बीजेपी ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष गांधी पर निशाना साधा है।
राहुल गांधी रक्षा संबंधी मुद्दों पर लगातार केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधते हैं। उन्होंने हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के 5 विमान गिरने के दावे को लेकर भी सरकार से जवाब मांगा था। 2019 में उन्होंने राफेल खरीद में घोटाले का आरोप लगाया था। इतना ही नहीं डोकलाम विवाद के वक्त भी वे सरकार पर निशाना साधते रहे हैं।
राहुल 10 में से सिर्फ 2 मीटिंग में शामिल हुए
राहुल गांधी संसद की डिफेंस कमेटी की 10 में से सिर्फ 2 मीटिंग में शामिल हुए। बीजेपी ने इसे लेकर कांग्रेस से जवाब मांगा है। बीजेपी नेता अमित मालवीय ने ट्वीट कर कहा, विपक्ष के नेता राहुल गांधी संसदीय रक्षा समिति की 80 प्रतिशत बैठकों में शामिल नहीं रहे।
News 18 की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले साल 21 नवंबर को रक्षा बजट पर अनुदानों की मांग को लेकर हुई अहम बैठक में राहुल गांधी शामिल नहीं हुए थे। इसी तरह इस साल 9 जनवरी को हुई बैठक में भी राहुल गांधी शामिल नहीं हुए। इस बैठक का एजेंडा बॉर्डर एरिया में बेसिक इंफ्रास्ट्रक्चर बनाने में सीमा सड़क संगठन के काम की समीक्षा करना था। इसी तरह 18 फरवरी को भी संसदीय रक्षा संबंधी समिति की महत्वपूर्ण बैठक हुई थी, जिसमें राहुल उपस्थित नहीं थे।
बीजेपी ने राहुल गांधी को घेरा
बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, राहुल गांधी को रक्षा मुद्दों की चिंता नहीं है। एचएएल से लेकर एलआईसी, एसबीआई से लेकर राफेल तक, वह झूठ बोलते रहते हैं। उन्होंने लद्दाख में चीन के हाथों भारत की जमीन गंवाने के बारे में झूठ बोला था। वे रक्षा संसदीय समिति की बैठकों में शामिल नहीं होते हैं। इससे समझ आता है कि उन्हें देश की वास्तविक चिंता नहीं है।

