राहुल बोले- इंडियन इकोनॉमी डेड, ट्रम्प सही: कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला ने कहा- हमारी अर्थव्यवस्था बेहद मजबूत, थरूर बोले- झुकने की जरूरत नहीं
Published:
4 min read

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, शशि थरुर और राजीव शुक्ला।(फाइल फोटो)
US प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रम्प ने भारत पर 25% टैरिफ लगा दिया है। केंद्र सरकार अमेरिका के इस फैसले से निपटने की स्ट्रैटेजी बनाने में जुट गई है। इसी महीने ट्रेड डील पर बातचीत के लिए अमेरिकी डेलिगेशन भारत आने वाला है। कुल मिलाकर आने वाले दिनो में टैरिफ वॉर से जुड़ा यह मुद्दा कार्पोरेट सेक्टर के लिए अहम होने वाला है।
दूसरी तरफ, एक और सेक्टर में टैरिफ वॉर पर सर्कस चल रहा है और ये है पॉलिटिकल सेक्टर यानी सियासत यानी राजनीति। सरकार की तरफ से कॉमर्स मिनिस्टर पीयूष गोयल ने संसद में कहा- ट्रम्प के फैसले पर नजर रखी जा रही है। भारत अपने हितों से कोई समझौता नहीं करेगा।
मजे की बात ये है कि मेन अपोजिशन पार्टी कांग्रेस में इस मुद्दे को लेकर दो फाड़ साफ नजर आ रहे हैं। फिलहाल, पार्टी की आंखों की किरकिरी बने शशि थरूर ने तो साफ कहा कि अमेरिका दादागिरी कर रहा है और भारत को झुकने की जरूरत नहीं है। दूसरी तरफ, गांधी परिवार के करीबी राज्यसभा सांसद राजीव शुक्ला ने कहा- ट्रम्प गलत बयानी कर रहे हैं, भारत की इकोनॉमी बहुत मजबूत है।
पहले राहुल गांधी की बात सुनिए
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल ने संसद के बाहर मीडिया से कहा- ट्रम्प ने बिल्कुल सही कहा है, और मुझे इस बात की खुशी है कि उन्होंने यह बयान दिया है। ये तो सब जानते हैं कि भारत की इकोनॉमी डेड ही है। क्या आप लोगों (मीडिया) को ये नहीं दिखता। ये बात तो पूरी दुनिया जानती है कि इंडियन इकोनॉमी डेड (मरी हुई या तबाह) है।

अब कांग्रेस के दो सांसदों की बात भी सुन लीजिए
1 . राज्यसभा सांसद राजीव शुक्ला ने राहुल के बयान के कुछ देर बाद संसद के बाहर मीडिया से कहा- ट्रम्प का यह कहना कि भारत और रूस की इकोनॉमी डेड है, ये बिल्कुल गलत बात है। हमने आर्थिक सुधार किए। पहले नरसिम्हा राव, फिर राजीव गांधी और मनमोहन सिंह। अटल बिहारी वाजपेयी के वक्त भी सुधार जारी रहे। हर सरकार ने इस बारे में कदम उठाए। वर्तमान सरकार भी इसी रास्ते पर बहुत अच्छा काम कर रही है। इसलिए अगर कोई ये कहता है कि वो भारत की अर्थव्यवस्था को खत्म कर देगा तो वो सिर्फ गलतफहमी में जी रहा है।
राजीव शुक्ला गांधी परिवार के काफी करीबी नेता हैं और माना जाता है कि प्रियंका गांधी के कहने पर ही उन्हें राज्यसभा भेजा गया था। लिहाजा, उनका बयान काफी मायने रखता है।

2. ऑपरेशन सिंदूर के बाद सरकार के पक्ष में बयान देने वाले केरल से कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने भी ट्रम्प के बयान पर रिएक्शन दिया। थरूर ऑपरेशन सिंदूर के बाद दूसरे देशों में भारत का पक्ष रखने के लिए भेजे गए डेलिगेशन में भी शामिल थे। इसकी वजह से पार्टी के कई नेताओं ने उनके खिलाफ बयानबाजी भी की थी।
बहरहाल, ट्रम्प के टैरिफ वॉर पर थरूर ने संसद के बाहर मीडिया से बातचीत की। कहा- टैरिफ एक चैलेंजिंग मैटर है। अमेरिका ही क्यों, हम कई देशों से इस बारे में बातचीत कर रहे हैं। अमेरिका अकेला नहीं है। हमने यूरोपीय यूनियन और ब्रिटेन से डील की है। दुनिया में अमेरिका ही अकेला ऑप्शन या मार्केट नहीं है। भारत के पास कई ऑप्शन हैं। अगर अमेरिका गैर जरूरी बातें करेगा तो हम भी दूसरे विकल्प तलाश सकते हैं।

थरूर ने आगे कहा- भारत की इकोनॉमी चीन की तरह सिर्फ एक्सपोर्ट के भरोसे नहीं है। हमारा डोमेस्टिक यानी घरेलू बाजार ही इतना बड़ा है कि हमें फिक्र करने की जरूरत ही नहीं है। भारत को अमेरिका से सख्ती से नेगोशिएट करना चाहिए। हमारी टीम यही कर भी रही है। अगर अमेरिका से अच्छी डील पॉसिबल नहीं है, तो हमें यह डील ही छोड़ देनी चाहिए।

