पंजाब में BSF का एक्शन: तरनतारन बॉर्डर पर 2 पाकिस्तानी घुसपैठिए ढेर
Published:
2 min read

शुरुआती जांच के अनुसार, ये घुसपैठिए तस्कर थे, जो बॉर्डर पार से नशे की खेप पहुंचाने के मकसद से पहुंचे थे। (फाइल फोटो)
नेशनल डेस्क. पंजाब में BSF ने 2 पाकिस्तानी घुसपेठियों को मार गिराया है। वे इंटरनेशनल बॉर्डर से भारतीय क्षेत्र में अवैध रूप से घुसने की कोशिश कर रहे थे। बताया जा रहा है कि 3 लोग इंटरनेशनल बॉर्डर पार कर रहे थे, उन्हें BSF ने चेतावनी दी। जब वह नहीं माने तो फायरिंग की गई। दो लोग फायरिंग में मारे गए, जबकि एक व्यक्ति वहां से पाकिस्तान भाग निकला।
यह घटना पंजाब के तरनतारन एरिया में बीती रात 12 बजे हुई। अधिकारियों का कहना है कि घुसपैठियों की पहचान अभी तक पता नहीं चल पाई है।
यह खबर भी पढ़ें- लद्दाख की बर्फीली सीमा पर अब 'हिमालयी कुत्तों' की तैनाती: 14 हजार फीट ऊंचाई से चीनी घुसपैठ पर रखेंगे नजर, स्क्वॉड में अटैक डॉग्स भी शामिल
मिली जानकारी के अनुसार, देर रात सरहद पर पहरा दे रहे BSF जवानों ने कंटीली तारों के पार हरकत देखी। तकरीबन 3 संदिग्ध पाकिस्तानी रात का फायदा उठाकर बॉर्डर पार करने की कोशिश कर रहे थे। सुरक्षा के मद्देनजर मौजूदा जवानों ने थर्मल इमेजिंग और दूरबीनों से संदिग्धों को ट्रैक किया। लेकिन वे भारतीय सीमा में आ चुके थे। इसके बाद BSF को कार्रवाई करनी पड़ी।
तस्कर होने का शक
अब BSF पाकिस्तानी रेंजर के समक्ष यह मामला उठाएगी। शुरुआती जांच के अनुसार, ये घुसपैठिए तस्कर थे, जो बॉर्डर पार से नशे की खेप पहुंचाने के मकसद से पहुंचे थे। इनसे क्या रिकवरी हुई है, इसकी अभी तक पुष्टि नहीं हो पाई है। घटना के तुरंत बाद पूरे इलाके को सील कर दिया गया और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है।

