अकेले ट्रेवल न करें, वर्दी में इधर-उधर न घूमें: पंजाब में पुलिसकर्मियों पर बढ़ते हमलों के बीच एडवाइजरी; विपक्ष ने CM मान को घेरा
Published:
5 min read

अमृतसर बॉर्डर रेंज के इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (IG) की ओर से अमृतसर ग्रामीण, बटाला, गुरदासपुर और पठानकोट के SSP को ये निर्देश भेजे गए हैं।
नेशनल डेस्क. पंजाब में पुलिसकर्मियों की सुरक्षा को लेकर नई एडवाइजरी जारी की है। ये एडवाइजरी ऐसे समय जारी की गई है, जब पंजाब में पुलिस अफसरों पर हमलों के मामले सामने आए हैं। इस एडवाइजरी को लेकर विपक्ष ने भगवंत मान सरकार पर निशाना साधा।
दरअसल, अमृतसर बॉर्डर रेंज के इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (IG) की ओर से अमृतसर ग्रामीण, बटाला, गुरदासपुर और पठानकोट के SSP को भेजे गए निर्देश में पुलिसकर्मियों को अकेले यात्रा न करने और बडी पेयर सिस्टम अपनाने के लिए कहा गया है। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि इस एडवाइजरी का पालन हो।
NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, ये निर्देश 18 सितंबर को जारी हुए। इसमें पुलिसकर्मियों की व्यक्तिगत सुरक्षा, ड्यूटी प्वाइंट की सुरक्षा और नाकों पर चेकिंग व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कहा गया है।
ये भी पढ़ें: अमृतसर में ASI की गोली मारकर हत्या: पंजाब में एक हफ्ते में दूसरे पुलिसकर्मी पर हमला; बादल बोले- हमारे रक्षक ही सुरक्षित नहीं
अकेले सफर न करें, मूवमेंट रखें गोपनीय
- एडवाइजरी में पुलिसकर्मियों से कहा गया है कि वे ड्यूटी पर आने-जाने के दौरान जरूरी न होने पर वर्दी में इधर-उधर न घूमें। बाजार, रिहायशी इलाकों और अन्य स्थानों पर पहुंचते समय विशेष सावधानी बरतें।
- पुलिसकर्मियों को निजी वाहन, बस, ट्रेन या पुलिस वाहन से यात्रा करते समय अपनी पहचान और मूवमेंट को गैरजरूरी तरीके से सार्वजनिक न करने की सलाह दी गई है। जहां संभव हो, अकेले यात्रा करने से बचने और बडी पेयर सिस्टम के तहत दो-दो के ग्रुप में चलने को कहा गया है।
- अधिकारियों और कंट्रोल प्वाइंट को किसी पुलिसकर्मी के रवाना होने और सुरक्षित पहुंचने की जानकारी देने के भी निर्देश हैं।
नाकों पर 360 डिग्री सुरक्षा, हथियार तैयार रखने के निर्देश
- चेकिंग प्वाइंट और नाकों पर पुलिसकर्मियों को एक ही स्थान पर इकट्ठा न होने और अलग-अलग पोजीशन में तैनात रहने को कहा गया है। साथ ही सुरक्षित स्थान पर एक सशस्त्र जवान तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं।
- अज्ञात लोगों और वाहनों की जांच के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतने, हथियार और सुरक्षा उपकरण इस्तेमाल के लिए तैयार रखने, ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन के अनावश्यक इस्तेमाल और निजी बातचीत से बचने को कहा गया है।
- पुलिसकर्मियों को आवाजाही का पैटर्न भी बदलते रहने की सलाह दी गई है। एक ही समय एक ही ग्रुप और एक ही साधन से नियमित रूप से आने-जाने से बचने को कहा गया है, ताकि उनकी गतिविधियों का अनुमान लगाना आसान न हो।
पुलिस कैंप और बैरकों के आसपास भी निगरानी
IG के निर्देश में पुलिस कैंप, बैरक, पुलिस चौकियों और पुलिसकर्मियों के रिहायशी इलाकों के आसपास विशेष निगरानी रखने को कहा गया है। किसी संदिग्ध व्यक्ति या वाहन की मौजूदगी, असामान्य गतिविधि, पुलिसकर्मियों का पीछा करने की कोशिश या उनकी ड्यूटी और गतिविधियों के बारे में संदिग्ध पूछताछ को गंभीरता से लेने के निर्देश हैं। ऐसी किसी भी जानकारी को तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाने को कहा गया है।
रात में SHO खुद करेंगे चेकिंग
रात के समय सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी निर्देश जारी किए गए हैं। गजट अफसर और थाना प्रभारी यानी SHO को नियमित रूप से बाजारों, पुलिस चौकियों और संवेदनशील स्थानों पर व्यक्तिगत रूप से प्रभावी चेकिंग करने को कहा गया है। रूट चेकिंग को सिर्फ निर्धारित रास्तों तक सीमित न रखने और ड्यूटी प्वाइंट, संवेदनशील इलाकों में तैनात पुलिसकर्मियों की स्थिति की भी जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।
गैंगस्टर, ड्रग्स और विदेशी कनेक्शन पर विशेष नजर
एडवाइजरी में संदिग्ध विदेशी नागरिकों और संवेदनशील स्थानों के आसपास मौजूद विदेशी लोगों की पूरी जांच करने को कहा गया है। उनके बैकग्राउंड और गतिविधियों को भी वेरिफाई करने के लिए कहा गया है।
अमृतसर में ASI की हत्या के बाद बढ़ी चिंता
अमृतसर में 18 सितंबर को ASI हरजीत सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। ASI हरजीत सिंह भगतावाला अनाज मंडी के पास पेट्रोलिंग कर रहे थे, तभी उन पर बाइक सवार हमलावरों ने ये हमला किया था।
इससे पहले 11 सितंबर को अमृतसर के अजनाला में ड्यूटी से लौट रहे ASI जसवंत सिंह पर भल्ला पिंड के पास गोली चलाई गई। गोली लगने के बाद वे घायल अवस्था में खुद बाइक चलाकर अजनाला थाने पहुंचे। उनका इलाज जारी है। इन घटनाओं ने पुलिसकर्मियों की सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ा दी है।
विपक्ष ने साधा भगवंत मान सरकार पर निशाना
पुलिस के इस एडवाइजरी पर पंजाब में सियासत तेज हो गई है। शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने कानून-व्यवस्था को लेकर भगवंत मान सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने एक कथित वायरल ऑडियो रिकॉर्डिंग का हवाला देते हुए पुलिस की स्थिति पर सवाल उठाए और पूछा कि क्या हालात इतने खराब हो गए हैं कि पुलिसकर्मी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। मजीठिया ने आरोप लगाया कि पंजाब में लोगों के बीच डर का माहौल है और मुख्यमंत्री को कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी न संभाल पाने पर इस्तीफा दे देना चाहिए।

वहीं, पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने भी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, रोम जल रहा था और नीरो बांसुरी बजा रहा था।' वड़िंग ने आरोप लगाया कि पंजाब गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है, जबकि मुख्यमंत्री सार्वजनिक मंचों पर चुटकुला सुना रहे हैं।

