पंजाब के AAP विधायक पुलिस हिरासत से फरार: थाने ले जाते वक्त पुलिस टीम पर फायरिंग की, सुरक्षा वापस ली गई; रेप के आरोप में गिरफ्तारी हुई थी
Published:
3 min read

रेप के आरोप में गिरफ्तार हुए पटियाला के सनौर से AAP विधायक हरमीत पठानमाजरा मंगलवार को पुलिस हिरासत से फरार हो गए। (फाइल)
नेशनल डेस्क। पंजाब का AAP (आम आदमी पार्टी) के विधायक हरमीत पठानमाजरा मंगलवार को पुलिस हिरासत से फरार हो गए। सनौर विधायक को पुलिस ने रेप के आरोप में मंगलवार सुबह ही अरेस्ट किया था। वह थाने ले जाते वक्त पुलिस पर फायरिंग कर हिरासत से फरार हो गए। पुलिस ने फरारी के बाद हरमीत की सुरक्षा वापस ले ली है। सनौर के कई इलाके के पुलिस थानों के SHO बदल दिए गए हैं।
पटियाला के SSP वरुण शर्मा ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया- विधायक पठानमाजरा पुलिस टीम पर फायरिंग करने के बाद अपने एक साथी के साथ फॉर्च्यूनर और स्कॉर्पियो गाड़ी से फरार हुए। विधायक के हमले में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। पुलिस ने भागने के लिए इस्तेमाल में लाई गई एक कार बरामद कर ली है।
पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार किया था
हरमीत पठानमाजरा को जिरकपुर की एक महिला की शिकायत पर गिरफ्तार किया था। हिरासत में ले जाते समय विधायक और उनके समर्थकों ने पुलिस पर गोली चलाई। महिला ने विधायक पर यौन शोषण करने की शिकायत दर्ज कराई थी।
पुलिस के मुताबिक, हरमीत पर रेप, धोखाधड़ी और धमकी देने के आरोप हैं। महिला ने शिकायत में बताया कि पठानमाजरा ने खुद को तलाकशुदा बताया और संबंध बनाए। बाद में 2021 में शादीशुदा होने के बावजूद उससे शादी कर ली। महिला ने विधायक पर यौन शोषण करने, जान से मारने की धमकी देने और अश्लील तस्वीरें भेजने का आरोप लगाया।
पुलिस फरार विधायक की तलाश में
पुलिस अब फरार विधायक की तलाश में है। इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। घायल पुलिसकर्मी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अफसरों ने मीडिया से बताया- हिरासत से भागना और पुलिस पर हमला करना गंभीर अपराध है। इस मामले में जरूरी एक्शन लिया जाएगा। विधायक को दोबारा अरेस्ट करने के लिए टीमें बनाई गई हैं।
कौन हैं हरमीत पठानमाजरा
हरमीत सिंह पठानमाजरा 46 साल के हैं। वह पटियाला के संनौर क्षेत्र से विधायक हैं। 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने भारी अंतर से जीत हासिल की थी। अकाली दल से राजनीतिक सफर शुरू करने वाले पठानमाजरा कई पार्टियों में रहे। 2020 में वह AAP में शामिल हुए। वह अक्सर जनता के मुद्दों और सरकारी कामकाज पर सवाल उठाते रहे हैं। हाल ही में पंजाब में बाढ़ मैनेजमेंट को लेकर उन्होंने सरकार और सिंचाई विभाग के अफसरों पर सवाल उठाए थे।

