पुणे रेप केस में ट्विस्ट: महिला ने गुस्से में आकर दोस्त पर लगाया था दुष्कर्म का आरोप, खुद फोटो एडिट कर लिखा था धमकी भरा मैसेज
Published:
2 min read

प्रतीकात्मक फोटो
पुणे रेप केस में नया ट्विस्ट आया है। महिला ने जिस डिलीवरी एजेंट पर घर में घुसकर रेप का आरोप लगाया था, वह महिला का दोस्त है। पुलिस के मुताबिक, महिला ने गुस्से में आकर अपने दोस्त पर रेप का आरोप लगाया था।
एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी रेप का केस लगाने वाली महिला का दोस्त है। दोनों एक दूसरे को कई सालों से जानते हैं। वे पहले भी घर पर मिलते रहे हैं। बुधवार को भी दोनों ने महिला के घर पर मिलने का प्लान बनाया था। लेकिन उसी दिन महिला ने अपने दोस्त पर डिलीवरी एजेंट बताकर घर में घुसकर रेप करने का आरोप लगा दिया।
महिला ने बताई झूठा रेप केस लगाने की ये वजह
महिला IT प्रोफेशनल है। पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि दोनों समाज के एक कार्यक्रम में मिले थे और दोनों में दोस्ती हो गई। महिला के घर पर कोई न होने पर वह अकसर उसके फ्लैट पर डिलीवरी एजेंट बनकर ही आता था। बुधवार को भी दोनों ने मिलने का प्लान बनाया था। महिला के मुताबिक, वह उस दिन शारीरिक संबंध बनाने के लिए तैयार नहीं थी। जबकि उसका दोस्त उसपर दबाव बना रहा था। इसलिए उसने गुस्से में आकर उसपर रेप का झूठा आरोप लगा दिया।
महिला ने रेप और धमकी का लगाया था आरोप
महिला ने अपनी शिकायत में दावा किया था कि आरोपी डिलीवरी एजेंट बनकर कोंधवा इलाके में उसके फ्लैट पर आया। वह उस समय घर पर अकेली थी। इसके बाद उसका रेप किया गया। शिकायत में महिला ने कहा था कि आरोपी ने उसके फोन में एक सेल्फी भी ली थी। महिला का दावा था कि डिलीवरी एजेंट ने मैसेज में धमकी दी थी कि अगर उसने इस बारे में पुलिस में शिकायत की तो वह फोटो वायरल कर देगा। मैसेज में उसने लिखा था- मैं वापस आऊंगा।
लेकिन आरोपी को गिरफ्तार किया तो पुलिस को ऑरिजनल सेल्फी मिली। इसे महिला ने ही खींचा था। इसके बाद उसे एडिट किया और खुद ही धमकी भरा मैसेज लिखा। महिला और उसके दोस्त का परिवार भी एक दूसरे जानते हैं।

