प्रियंका गांधी बोलीं- इजराइल ने 60 हजार लोगों की हत्या की: इजराइली राजदूत बोले- ये शर्मनाक बात; हमने आतंकी मारे हैं
Published:
2 min read

प्रियंका गांधी ने गाजा में नरसंहार का आरोप लगाया तो इजराइल के राजदूत ने पलटवार किया।
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने गाजा में इजराइली हमले को नरसंहार बताया। उन्होंने कहा, इजराइल ने 60 हजार लोगों की हत्या की है, इनमें 18,340 बच्चे शामिल हैं। प्रियंका ने इजराइल पर अल-जजीरा के पत्रकारों की हत्या का आरोप लगाया। इस पर भारत में इजराइल के राजदूत रेवुएन अजार ने जवाब दिया। उन्होंने कहा, यह शर्मनाक बात है, हमने 25,000 हमास आतंकी मारे हैं। नागरिकों की मौत हमास की रणनीति का हिस्सा है।
वायनाड से कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोशल मीडिया X पर लिखा, इजराइल गाजा में नरसंहार कर रहा है। इजराइल ने 60 हजार लोगों की हत्या की है, इनमें 18,340 बच्चे शामिल हैं। लाखों लोगों की मौत भूख से हो गई। इन अपराधों पर चुप्पी भी एक क्राइम है। यह बेहद ही शर्मनाक है कि भारत इस मुद्दे पर चुप है, जबकि इजराइल गाजा पर कहर बरपा रहा है।
5 पत्रकारों की हत्या एक जघन्य अपराध- प्रियंका
प्रियंका गांधी ने इसस पहले X पर पोस्ट करते हुए लिखा कि फिलिस्तीन की धरती पर अल-जजीरा के 5 पत्रकारों की हत्या एक जघन्य अपराध है। जो लोग सच के साथ खड़े होने का साहस करते हैं, उनका साहस इजराइल के हमले से कभी नहीं टूटेगा। दुनिया में मीडिया सत्ता और व्यापार की गुलाम है, तब यह पत्रकार हमें सच्ची पत्रकारिता की याद दिलाती हैं।
इजराइल के राजदूत रेवुएन का पलटवार
इस पर भारत में इजराइल के राजदूत रेवुएन अजार ने कहा कि शर्मनाक बात है। इजराइल ने 25,000 हमास के आतांकियों को मारा है। नागरिकों की मौत हमास की रणनीति का हिस्सा है। हमास नागरिकों के पीछे छिपकर रॉकेट हमले कर रहा है। इजराइल ने 2 मिलियन टन फूड गाजा भेजा, हमास ने उसे कब्जे में लेने की कोशिश की। इसलिए वहां भुखमरी हो रही है। पिछले 50 सालों में गाजा की जनसंख्या 450% से अधिक बढ़ी है, यह नरसंहार नहीं है, हमास के आंकड़ों पर भरोसा मत कीजिए।

