POCSO केस में गिरफ्तार टीचर का सुसाइड: कॉन्स्टेबल को धक्का देकर रेलिंग की ओर भागा, SP ऑफिस की तीसरी मंजिल से छलांग लगाई; हॉस्पिटल में मौत
Published:
3 min read

तस्वीर POCSO केस में गिरफ्तार एस शशिधर की है। उसे शनिवार को गिरफ्तार किया गया और रविवार को उसने सुसाइड कर लिया।
नेशनल डेस्क। बेंगलुरु में बच्चों के यौन शोषण के आरोप में गिरफ्तार एक टीचर की SP ऑफिस की तीसरी मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को रविवार (20 सितंबर) को बेंगलुरु साउथ जिले के SP ऑफिस लाया गया था। इसी दौरान उसने साथ चल रहे एक कॉन्स्टेबल को धक्का दिया और तीसरी मंजिल की रेलिंग से नीचे छलांग लगा दी।
पूरी घटना ऑफिस में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बच्चों से यौन शोषण के आरोप में शनिवार को गिरफ्तार हुआ था
49 वर्षीय शशिधर विजयनगर जिले का रहने वाला था और चन्नपटना तालुक के एक प्राइवेट स्कूल में फिजिकल एजुकेशन टीचर था।
पुलिस के मुताबिक, स्कूल में पढ़ने वाले कई बच्चों के यौन शोषण की शिकायत मिलने के बाद शनिवार (19 सितंबर) शाम उसे गिरफ्तार किया गया था। उसके खिलाफ POCSO एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था।
यह भी पढ़ें... कार एक्सीडेंट ने खोला 13 साल के बच्चे के मर्डर का राज: डिक्की में मिली लाश, 1 करोड़ की फिरौती के लिए पड़ोसी ने रची थी साजिश
मेडिकल के बाद SP ऑफिस लाया गया था
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद शशिधर का सरकारी हॉस्पिटल में मेडिकल कराया गया इसके बाद रविवार को उसे आगे की कानूनी प्रोसेस के लिए बेंगलुरु साउथ जिले के SP ऑफिस कॉम्प्लेक्स लाया गया। वहां तीसरी मंजिल पर स्थित मेजरमेंट कलेक्शन यूनिट (MCU) में उसके फिंगरप्रिंट लिए जाने थे।
पुलिस के मुताबिक, फिंगरप्रिंट की प्रोसेस पूरी होने के बाद जब उसे फिर से नीचे लाया जा रहा था तभी उसने अपने साथ चल रहे एक कॉन्स्टेबल को धक्का दे दिया। इसके बाद वह तेजी से रेलिंग की ओर भागा और तीसरी मंजिल से नीचे छलांग लगा दी।
यह भी पढ़ें... पहली पत्नी से बात करता था, दूसरी ने मार डाला: सोते वक्त चाकू चलाए, बॉक्स में पैक किया और ई-रिक्शा से नहर में फेंक आई
CCTV फुटेज में भी पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है। वीडियो में आरोपी कॉन्स्टेबल को धक्का देने के बाद रेलिंग की ओर जाता और नीचे कूदता दिखाई दे रहा है।
गंभीर चोट के बाद अस्पताल में मौत
तीसरी मंजिल से गिरने के कारण शशिधर को गंभीर चोटें आईं। पुलिस उसे फौरन जिला अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है।
यह भी पढ़ें... झगड़े में पति ने पत्नी पर तानी देसी पिस्तौल: गोली चली और पेट में जा लगी, महिला की मौत; नशे में था आरोपी

