मोदी की विपक्ष से अपील : उपराष्ट्रपति उम्मीदवार राधाकृष्णन का समर्थन करें; PM नहीं चाहते चुनाव हो
Published:
3 min read

मोदी ने आज उपराष्ट्रपति उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन को सम्मानित किया।
PM मोदी ने विपक्ष से NDA के उपराष्ट्रपति उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन को सपोर्ट करने की अपील की है। प्रधानमंत्री ने मंगलवार को सभी पार्टियों से कहा कि वे बिना किसी विरोध के राधाकृष्णन को सपोर्ट करें, ताकि चुनाव कराने की नौबत न आए। केंद्रीय मंत्री रिजिजू ने इसकी जानकारी दी।
मोदी ने कहा कि राधाकृष्णन बेदाग छवि के नेता रहे हैं। उपराष्ट्रपति पद के लिए वे एक बेहतरीन चॉइस हैं। उन्होंने सीपी राधाकृष्णन का सभी नेताओं से परिचय कराया। उन्हें सम्मानित भी किया।
PM नहीं चाहते कि इलेक्शन हो
मोदी ने संसद भवन के एक मीटिंग हॉल में NDA की बैठक ली। मीटिंग के बाद केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने कहा- PM ने सभी पार्टियों से अपील किया है कि राधाकृष्णन को बिना किसी विरोध के चुन लिया जाए।
उधर, राजनाथ सिंह को पहले ही यह टास्क दिया जा चुका है। उम्मीदवारी का ऐलान होते ही राजनाथ सिंह ने विपक्ष के नेताओं से बात की थी। PM का कहना है कि अगर विपक्ष समर्थन करता है, तो राज्यसभा के नए चेयरमैन का चुनाव सर्वसम्मति से जनरल कमेटी के जरिए ही हो सकता है। फिर किसी चुनाव कराने की जरूरत नहीं होगी।
विपक्ष भी कैंडिडेट उतारने की तैयारी में
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो विपक्ष राधाकृष्णन के नाम पर सहमत नहीं है। वे अपना कैंडिडेट उतारने की तैयारी कर रहे हैं। इस संबंध में INDIA ब्लॉक के नेताओं की मीटिंग भी हो चुकी है। INDIA ब्लॉक में शामिल DMK का कहना है कि NDA कैंडिडेट राधाकृष्णन को काउंटर करने के लिए उन्हें भी तमिलनाडु से किसी उम्मीदवार को मैदान में उतारना चाहिए।
विपक्ष ने विरोध किया, तब भी राधाकृष्णन का जीतना तय
इससे पहले 17 अगस्त को बीजेपी संसदीय दल की बैठक में महाराष्ट्र गर्वनर सीपी राधाकृष्णन के नाम पर सहमति बनी। उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए 9 सितंबर को वोटिंग होगी। उसी दिन काउंटिंग भी होगी। उपराष्ट्रपति चुनाव में दोनों सदनों के सांसद भाग लेते हैं, इसलिए 9 सितंबर को होने वाले इलेक्शन में राधाकृष्णन का जीतना लगभग तय है। NDA के पास इतने सांसद हैं कि राधाकृष्णन आराम से चुनाव जीत सकते हैं।
दरअसल, राष्ट्रपति की तरह उपराष्ट्रपति चुनाव में भी जनता भाग नहीं लेती। दोनों सदनों में जिसके पास ज्यादा सांसद होंगे, उपराष्ट्रपति उसी दल या साइड का व्यक्ति बनता है। फिलहाल, लोकसभा और राज्यसभा दोनों सदनों में मिलाकर टोटल सीटें 788 हैं। इसमें 6 सीटें खाली हैं।
इस तरह टोटल 782 सांसद इस वक्त दोनों सदनों में मिलाकर हैं। उपराष्ट्रपति चुनाव में जीत के लिए 391 सांसदों यानी 50% के समर्थन की जरूरत होगी। बीजेपी की अगुवाई वाली NDA के पास 422 सांसद हैं, जो कि बहुमत से ज्यादा ही हैं। इसलिए राधाकृष्णन का जीतना लगभग तय है।
अगर वे चुने जाते हैं तो सर्वपल्ली राधाकृष्णन के बाद इसी सरनेम के दूसरे उपराष्ट्रपति होंगे। इंटरस्टिंग फैक्ट ये भी है कि सीपी राधाकृष्णन का नाम उनकी मां ने डॉक्टर सर्वपल्ली राधाकृष्णन से इंस्पायर होकर ही रखा था।

