पीएम मोदी को यूक्रेनी राष्ट्रपति की फोन कॉल: रूसी राष्ट्रपति पुतिन से मुलाकात से पहले हुई बातचीत; शांति के लिए हर संभव सहयोग का दिया भरोसा
Published:
2 min read

यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने ट्रम्प से हुई बातचीत की जानकारी पीएम मोदी को दी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमीर जेलेंस्की से फोन पर बात की। इस दौरान पीएम मोदी ने फोन करने के लिए राष्ट्रपति जेलेंस्की का धन्यवाद दिया और रूस से युद्ध में शांति के लिए भारत की ओर से हर संभव मदद का आश्वासन दिया। यूक्रेन के राष्ट्रपति का फोन ऐसे वक्त पर आया, जब चीन में SCO समिट के दौरान पीएम मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की मुलाकात होनी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, राष्ट्रपति जेलेंस्की को आज फोन कॉल के लिए धन्यवाद। हमने चल रहे संघर्ष, उसके मानवीय पहलू और शांति एवं स्थिरता बहाल करने के प्रयासों पर विचारों का आदान-प्रदान किया। भारत इस दिशा में सभी प्रयासों को पूर्ण समर्थन देता है।
रूस लगातार हमले कर रहा- जेलेंस्की
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने लिखा, मैंने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात की। मैंने वाशिंगटन में राष्ट्रपति ट्रम्प के साथ बातचीत की जानकारी दी, जिसमें यूरोपीय नेता भी शामिल थे। यूक्रेन ने रूस के प्रमुख के साथ बैठक के लिए अपनी तत्परता दोहराई। लगभग दो हफ्ते बीत चुके हैं, और इस दौरान, जब रूस को कूटनीति की तैयारी करनी चाहिए थी, मास्को ने कोई सकारात्मक संकेत नहीं दिया है - सिर्फ नागरिक ठिकानों पर निंदनीय हमले किए हैं और हमारे दर्जनों लोगों को मार डाला।
जेलेंस्की ने आगे कहा, मैं पीड़ितों के परिवारों के प्रति व्यक्त की गई संवेदनाओं के लिए प्रधानमंत्री मोदी का धन्यवाद करता हूं। हमने शंघाई सहयोग संगठन शिखर सम्मेलन से पहले अपनी स्थिति में समन्वय बनाया। भारत आवश्यक प्रयास करने और शिखर सम्मेलन से इतर होने वाली बैठकों के दौरान रूस और अन्य नेताओं के सामने यह मुद्दा उठाने के लिए तैयार है। मुझे आने वाले समय में प्रधानमंत्री से मिलकर खुशी होगी।

