PM मोदी से मुलाकात के बाद दोस्त को प्लॉट वापस मिला: असगर अली वोरा का विवाद सुलझा; BJP विधायक ने कब्जा छोड़ा
Published:
2 min read

असगर अली वोरा और PM नरेंद्र मोदी ने गुजरात के वड़नगर में BN स्कूल से पढ़ाई की है, दोनों बचपन के दोस्त हैं। (फाइल फोटो)
नेशनल डेस्क. प्रधानमंत्री नरेंद्र से मुलाकात के बाद उनके स्कूल के दोस्त असगर अली वोरा का जमीन के कब्जे से जुड़ा केस सुलझ गया। महाराष्ट्र के मीरा-भयंदर में पुरानी प्रॉपर्टी को लेकर कई वर्षों से विवाद चला आ रहा था।
मीटिंग के बाद BJP विधायक नरेंद्र मेहता ने कहा- वह विवादित प्लॉट पर कब्जा छोड़ रहे हैं, और वहां निर्माण के लिए ली गई परमिशन वापस कर रहे हैं। उन्होंने वोरा के खिलाफ की गई पुलिस शिकायत भी वापस ले ली है, इसमें कहा गया है कि दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया है।
BJP से जुड़े बिल्डर पर कब्जे का आरोप
वोरा और PM नरेंद्र मोदी ने गुजरात के वड़नगर में BN स्कूल से पढ़ाई की है। उन्होंने PM से 8 सितंबर को मुलाकात की। वोरा ने अपनी समस्या को PM को बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि BJP विधायक से जुड़े बिल्डर ने भयंदर ईस्ट में उनके प्लॉट पर कब्जा कर लिया है।
वोरा ने दावा किया कि उन्होंने भयंदर ईस्ट में 2810 स्क्वेयर फीट प्लॉट 1989 में खरीदा था। इसकी रजिस्ट्रर एग्रीमेंट भी हुआ, और इसे कभी भी बेचा या फिर ट्रांसफर नहीं किया गया।
यह खबर भी पढ़ें
मोदी तक नहीं पहुंच सका बेल्जियम PM का गिफ्ट: चॉकलेट से बना इंडिया गेट रास्ते में पिघला; वेवर बोले- बैकअप तैयार, दोबारा भिजवाएंगे
उन्होंने आरोप लगाया कि जाली दस्तावेजों के जरिए 2011 में इस प्रॉपर्टी को अवैध रूप से दो हिस्सों में बांट दिया। इस बारे में उन्हें जानकारी ही नहीं दी गई। वोरा के अनुसार, प्लॉट के एक हिस्से को स्वयं बिल्डर्स में और दूसरे हिस्से को मेहता से जुड़ी इलेवन कंट्रक्शन में दिखाया गया था।
PM से मुलाकात के बाद अधिकारियों ने लिया एक्शन
वोरा की मीटिंग के बाद महाराष्ट्र में वरिष्ट अधिकारियों ने इस मुद्दे को प्रमुखता से लिया। मंगलवार को मुख्यमंत्री के प्रिंसिपल सेक्रेटरी श्रीकर परदेशी ने सचिवालय में वोरा, मेहता, मीरा भयंदर म्यूनिसिपल कॉर्पोरेशन के कमिश्नर राधा विनोद शर्मा और टाउन प्लानर पुरुषोत्तम शिंदे के साथ मीटिंग की।
मीटिंग में मेहता ने एक लेटर दिया, जिसमें उन्होंने विवादित प्लॉट पर कब्जा छोड़ने और वहां निर्माण के लिए ली गई परमिशन वापस लेने की बात कही। मेहता ने बताया कि वह प्लॉट उन्होंने मर्विन फर्नांडिस से 2019 में खरीदा था।

