काशी में मोदी और मॉरीशस के PM मिले: भारत ने विशेष आर्थिक पैकेज का ऐलान किया, इन पैसों से मॉरीशस में सड़कें और अस्पतालों का निर्माण होगा
Published:
2 min read

नेशनल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को मॉरीशस के PM नवीनचंद्र रामगुलाम से अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में मुलाकात की। दोनों के बीच द्विपक्षीय बैठक हुई। PM मोदी ने भारत और मॉरीशस के बीच संबंधो पर चर्चा की और कई डॉक्यूमेंट्स पर हस्ताक्षर किए। उन्होंने चागोस समझौता संपन्न होने पर मॉरीशस के PM रामगुलाम को बधाई दी।
इसके बाद PM मोदी ने कहा- हम सर शिवसागर रामगुलाम की 125वीं जयंती मना रहे हैं। वे केवल मॉरीशस के राष्ट्रपिता ही नहीं, बल्कि भारत और मॉरीशस के बीच अटूट सेतु के संस्थापक भी थे। उनकी यह जयंती हमें मिलकर अपने संबंधों को नई ऊंचाई पर ले जाने की प्रेरणा देती है।
मॉरीशस के लिए स्पेशल पैकेज का ऐलान
मोदी ने आगे कहा- मॉरीशस के विकास में एक विश्वसनीय और प्राथमिक साझेदार होना भारत के लिए गर्व की बात है। हमने मॉरिशस की आवश्यकताओं और प्राथमिकताओं को ध्यान में रखते हुए एक विशेष आर्थिक पैकेज पर निर्णय लिया है। यह इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत करेगा, रोजगार के नए अवसर पैदा करेगा और स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करेगा।
भारत के बाहर पहला जन औषधि केंद्र अब मॉरीशस में स्थापित हो चुका है। ये मॉरीशस की संप्रभुता की एक ऐतिहासिक जीत है। भारत ने हमेशा उपनिवेशवाद और मॉरीशस की संप्रभुता की पूर्ण मान्यता का समर्थन किया है और इसमें भारत, मॉरीशस के साथ दृढ़ता से साथ खड़ा रहा है।
दरअसल, मॉरीशस के PM नवीनचंद्र रामगुलाम तीन दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे। इस दौरान उत्तर प्रदेश की गर्वनर आनंदीबेन पटेल और वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। इसके बाद भारत और मॉरीशस के PM के बीच होटल ताज में दोनों देश से जुड़े मुद्दों पर बातचीत हुई।
इससे पहले पंजाब और हिमाचल प्रदेश के दौरे पर थे मोदी
इससे पहले मंगलवार 9 सितंबर को मोदी ने पंजाब-हिमाचल प्रदेश के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया था। इस दौरान PM मोदी ने पंजाब को 1600 करोड़ और हिमाचल प्रदेश को 1500 करोड़ की सहायता राशि देने का ऐलान किया था। प्रधानमंत्री ने बाढ़ और प्राकृतिक आपदा में मृतकों परिजनों को 2 लाख रुपए और घायलों को 50,000 रुपए देने की घोषणा की थी।

