पीएम मोदी सितंबर में अमेरिका का दौरा करेंगे: UNGA समिट में शामिल होंगे, टैरिफ टेंशन के बीच US राष्ट्रपति ट्रम्प से भी कर सकते हैं मुलाकात
Published:
2 min read

पीएम मोदी अमेरिकी दौरे पर ट्रम्प के अलावा कई विदेशी नेताओं से मुलाकात कर सकते हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले महीने अमेरिका की यात्रा कर सकते हैं। पीएम यहां संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के समिट में हिस्सा लेने पहुंचेंगे। अमेरिका और भारत के बीच चल रहे टैरिफ टेंशन के बीच पीएम का ये दौरा अहम माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि इस दौरान पीएम मोदी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प से भी मुलाकात कर सकते हैं। पीएम मोदी-डोनाल्ड ट्रम्प की बैठक में ट्रेड डील पर बात हो सकती।
पीएम मोदी ट्रम्प के अलावा कई विदेशी नेताओं से मुलाकात कर सकते हैं। पीएम मोदी यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की के साथ बैठक कर सकते हैं।
7 महीने में दोनों नेताओं के बीच दूसरी मुलाकात होगी
सितबंर में अमेरिका के न्यूयॉर्क में UNGA समिट होना है। ग्लोबल लीडर्स का 23 सितंबर से आना शुरू हो जाएगा। अगर पीएम मोदी और डोनाल्ड ट्रम्प के बीच मीटिंग होती है तो दोनों के बीच 7 महीने में दूसरी मीटिंग होगी। इससे पहले फरवरी में व्हाइट हाउस में पीएम मोदी और डोनाल्ड ट्रम्प के बीच मुलाकात हुई थी।
PM मोदी जून में G7 समिट में शामिल होने कनाडा गए थे। तब ट्रम्प और पीएम मोदी की मुलाकात नहीं हो पाई थी। इसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति ने पीएम मोदी को वॉशिंगटन आने का न्योता दिया था। पीएम मोदी ने पहले से तय दौरों का हवाला देकर ट्रम्प का न्योता अस्वीकार कर दिया था।
ट्रम्प ने भारत पर लगाया टैरिफ
अमेरिका और भारत के बीच इस समय ट्रेड डील को लेकर टेंशन की स्थिति बनी हुई है। रूस से तेल खरीदने के आरोप में डोनाल्ड ट्रम्प ने भारत पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगा दिया है। भारत ने भी साफ कर दिया है कि नई दिल्ली किसी भी दबाव में कोई फैसला नहीं करेगी। भारत सरकार किसानों, मजदूरों औऱ पशुपालकों के हितों से समझौता नहीं करेगी।

