काशी में मोदी: 2200 करोड़ के 52 प्रोजेक्ट लॉन्च; कहा- आतंकियों की हालत पर कांग्रेस-SP रोती हैं, महादेव की कृपा से ऑपरेशन सिंदूर पूरा हुआ
Published:
4 min read

PM मोदी ने मंच से ही 9.7 करोड़ किसानों के बैंक खातों में 20,000 करोड़ रुपये की राशि डाली।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दौरे पर पहुंचे। उन्होंने काशी में 2,200 करोड़ के 52 प्रोजेक्ट लॉन्च किए। पहलगाम हमले के बाद पीएम मोदी का यह पहला काशी दौरा है। यहां जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। PM मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने ऑपरेशन सिंदूर को तमाशा कहा। क्या ऑपरेशन सिंदूर तमाशा हो सकता है।
PM मोदी ने मंच से ही 9.7 करोड़ किसानों के बैंक खातों में 20,000 करोड़ रुपये से अधिक की प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 20वीं किस्त जारी की।
महादेव के आशीर्वाद से संभव हुआ ऑपरेशन सिंदूर
PM नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज मैं ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार काशी आया हूं, जब 22 अप्रैल को पहलगाम में आतंकी हमला हुआ था, 26 निर्दोष लोगों की इतनी बेरहमी से हत्या कर दी गई। मेरा दिल तकलीफ से भर गया था। तब मैं बाबा विश्वनाथ से यही मांग रहा था कि सभी पीड़ित परिवारों को ये दुख सहने की हिम्मत दें।
उन्होंने कहा, मैंने अपनी बेटियों के सिंदूर का बदला लेने का जो वचन दिया था, वह भी पूरा हुआ है। ये महादेव के आशीर्वाद से ही संभव हुआ है। यह नया भारत है। यह नया भारत भोलेनाथ को भी पूजता है और देश के दुश्मनों के सामने काल भैरव भी बन जाता है।
PM मोदी का ट्रंप को सीधा जवाब
PM मोदी ने कहा कि आज दुनिया की अर्थव्यवस्थाएं आशंकाओं से गुजर रही है। दुनिया के देश अपने-अपने हितों पर फोकस कर रहे हैं। भारत भी दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रहा है। इसलिए भारत को भी अपने आर्थिक हितों को लेकर सजग रहना ही होगा। भारत अपना हित देखेगा। हमारे किसान हमारे, लघु उद्योग, नौजवानों के लिए रोजगार ही सर्वोपरि है। PM मोदी ने कहा कि हम अब उन्हीं चीजों को खरीदेंगे जिनमें किसी न किसी भारतीय का पसीना बहा हो।
कांग्रेस-सपा पर बोला हमला
उन्होंने कहा कि भारत पर जो वार करेगा वो पाताल में भी नहीं बचेगा। PM मोदी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर की सफतला से कुछ लोगों को दुख हुआ। कांग्रेस सेना का लगातार अपमान करती है। आतंकियों के एनकाउंटर पर सपा वाले सवाल पूछते हैं। आतंकियों की हालत पर कांग्रेस और सपा वाले रोते हैं। ऑरपरेशन सिंदूर की सफलता कांग्रेस पचा नहीं पा रही है।
स्वदेशी हथियारों से दुश्मनों में दहशत- PM मोदी
PM मोदी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत के स्वदेशी हथियारों की ताकत पूरी दुनिया ने देखी है। हमारे एयर डिफेंस सिस्टम, स्वदेशी मिसाइलें, स्वदेशी ड्रोन ने आत्मनिर्भर भारत की ताकत को साबित किया है। खासकर हमारी ब्रह्मोस मिसाइलें, इनकी दहशत भारत के हर दुश्मन के भीतर भर गई है।
किसानों पर बोले PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मोदी के विकास का मंत्र है- 'जो जितना पिछड़ा उसे उतनी ज्यादा प्राथमिकता'। इस महीने केंद्र सरकार ने एक और नई योजना को मंजूर दी है जिसका नाम है प्रधानमंत्री धन धान्य कृषि योजना। इस योजना पर 24 हजार करोड़ रुपये किसानों के कल्याण के लिए खर्च किए जाएंगे। देश के ऐसे जिले जो पिछली सरकारों की गलत नीतियों के कारण विकास की राह में पिछड़ गए थे। उन जिलों पर प्रधानमंत्री धन धान्य कृषि योजना का फोकस होगा।
काशी तमिल संगमम की तारीफ की
प्रधानमंत्री ने कहा कि कुछ दिनों पहले मैं तमिलनाडु में था, मैं वहां 1000 साल पुराने एक ऐतिहासिक मंदिर गया था जिसे महान राजा राजेंद्र चोल ने बनवाया था। राजेंद्र चोल ने उत्तर भारत से गंगाजल लाकर उत्तर को दक्षिण से जोड़ा था। आज काशी तमिल संगमम जैसे प्रयासों के माध्यम से इसे आगे बढ़ाने का एक विनम्र प्रयास हो रहा है। देश की एकता की हर बात एक नई चेतना जगाती है और तभी ऑपरेशन सिंदूर सफल होता है। 140 करोड़ देशवासियों की एकता ही ऑपरेशन सिंदूर की ताकत बनती है।

