सांसदों के लिए बने 184 इको फ्रेंडली फ्लैट्स: इनमें सरकारी बंगलों से भी ज्यादा जगह, PM मोदी ने किया उद्घाटन; कैंपस में लगाया सिंदूर का पौधा
Published:
2 min read

PM मोदी ने दिल्ली में सांसदों के लिए बने 184 फ्लैट्स का उद्घाटन किया।
जल्द ही सांसदों को ईको फ्रेंडली फ्लैट्स अलॉट किए जाएंगे। दिल्ली के बाबा खड़क सिंह मार्ग पर ऐसे 184 नए फ्लैट बनाए गए हैं। इन फ्लैट्स में मौजूइ समूह के टॉप श्रेणी के सरकारी बंगलों से ज्यादा जगह होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को सांसदों के लिए नए फ्लैट्स का उद्घाटन किया। इसके बाद कैंपस में एक सिंदूर का पौधा लगाया। प्रधानमंत्री ने इस मौके पर बिल्डिंग बनाने वाले वर्कर्स से भी मिले।
कम जमीन पर बने लेकिन सभी सुविधाओं से लैस
सांसदों के लिए आवासों की कमी होने के कारण इन फ्लैट्स को बनाया गया हैं। जगह की कमी को देखते हुए बहुमंजिला इमारतें बनाई हैं। वर्टिकल हाउसिंग पर जोर दिया गया है। हालांकि, ये सभी जरूरी सुविधाओं से लैस हैं।
बनाने में आई कम लागत, रखरखाव भी आसान
बिल्डिंग के अंदर एक कम्युनिटी सेंटर भी है। इसमें सांसद अपने सामाजिक और ऑफिशियल कार्यक्रम कर सकते हैं। ये नए फ्लैट्स कम लागत में बनकर तैयार हुए हैं। इनका रखरखाव आसान होगा। साथ ही लंबे समय तक इस्तेमाल में लाए जा सकेंगे।
कैंपस दिव्यांग फ्रेंडली
बिल्डिंग में रिन्यूएबल एनर्जी सिस्टम और वेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम जैसी सुविधाएं हैं। इसकी डिजाइन ऐसी है कि भूकंप आने पर भी ज्यादा नुकसान नहीं होगा। पूरा परिसर दिव्यांग फ्रेंडली बनाया गया है।

