'ये संप्रभुता का उल्लंघन': PM मोदी ने कतर के शेख से फोन पर बात की, दोहा में इजराइली हमले की निंदा की
Published:
2 min read

18 फरवरी 2025 को कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी से हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री मोदी ने मुलाकात की थी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कतर के शेख तमीम बिन हमद अल थानी से फोन पर बात की और दोहा में इजराइली हमले की निंदा की। इजराइल ने एक दिन पहले यानी मंगलवार को कतर की राजधानी दोहा में रह रहे हमास की टॉप लीडरशिप को निशाना बनाने के लिए स्ट्राइक की थी। पीएम मोदी ने हमले को कतर की संप्रभुता का उल्लंघन बताया।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी से बात की और दोहा में हुए हमले पर चिंता जाहिर की। भारत कतर की संप्रभुता के उल्लंघन की निंदा करता है।
पीएम मोदी ने कहा, हम बातचीत और कूटनीति के जरिए मुद्दों के समाधान और तनाव को रोकने का समर्थन करते हैं। भारत क्षेत्र में शांति और स्थिरता के समर्थन करता है और सभी तरह के आतंकवाद के विरुद्ध दृढ़ता से खड़ा है।
इजराइल ने कहा- हमास के हेडक्वार्टर पर हमले किए
इजराइल की एयरफोर्स ने मंगलवार देर रात कतर की राजधानी दोहा में एयर स्ट्राइक की। यह हमले दोहा में मौजूद फिलिस्तीन के आतंकी संगठन हमास के हेडक्वार्टर पर किए गए।
‘टाइम्स ऑफ इजराइल’ की रिपोर्ट के मुताबिक- इजराइली एयरफोर्स को यकीन है कि उस बिल्डिंग में हमास के कई आतंकी नेता मौजूद थे और ये सभी मारे गए होंगे।
हमले कामयाब रहे
इजराइली आर्मी के रेडियो ने मंगलवार देर रात कहा- हमारी जानकारी के मुताबिक, हमास पर सभी हमले बिल्कुल सटीक निशाने पर लगे और इसमें कई हमास लीडर्स मारे गए। हम जानते हैं कि हमास के नेता दुनिया की नजरों से छिपने के लिए इस तरह के सेफ हाउस चुनते हैं। हमने उन्हें पहले भी नहीं छोड़ा और आगे भी यही होगा।

