PM मोदी बोले- कांग्रेस-RJD के मंच से मेरी मां को गाली दी गई: 'ये देश की हर मां-बेटी का अपमान, उस मां का क्या गुनाह था'
Published:
3 min read

PM मोदी ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बिहार राज्य जीविका साख सहकारी संघ को लॉन्च किया।
नेशनल डेस्क. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राहुल गांधी-तेजस्वी यादव के मंच से आपत्तिजनक शब्दों के इस्तेमाल को लेकर कांग्रेस और RJD पर पलटवार किया। PM मोदी ने कहा, ये गालियां सिर्फ मेरी मां को नहीं दी गईं, बल्कि बिहार की हर मां-बेटी का अपमान हैं। उन्होंने कहा, मेरी मां ने मेरे परिवार को बहुत गरीबी में पाला। उनका राजनीति से कोई लेना देना नहीं था। उनका क्या गुनाह था कि उनके खिलाफ इस तरह की भाषा बोली जा रही है।
दरअसल, राहुल गांधी और तेजस्वी यादव वोट चोरी के आरोप में वोटर अधिकार यात्रा निकाल रहे थे। इस दौरान दरभंगा में यात्रा के स्वागत के लिए बनाए गए मंच से पीएम मोदी और उनकी दिवंगत मां के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया था। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। बीजेपी नेताओं की शिकायत पर पुलिस ने इस मामले में कांग्रेस कार्यकर्ता रिजवी को गिरफ्तार किया था।
'बिहार में मां के रूप में सात बहनों की पूजा की परंपरा'
पीएम मोदी मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बिहार राज्य जीविका साख सहकारी संघ लिमिटेड को लॉन्च कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने जनसभा को भी संबोधित किया। पीएम ने कहा, कुछ दिनों बाद नवरात्र का पावन पर्व शुरू होने वाला है। पूरे देश में नवदुर्गा की पूजा होगी, यानी मां के नौ रूपों की पूजा होगी। लेकिन, बिहार और पुरबिया इलाके में नवदुर्गा के साथ सतबहिनी पूजा की परंपरा भी पीढ़ियों से है। मां के रूप में सात बहनों की पूजा की परंपरा, मां के प्रति श्रद्धा और विश्वास, ये बिहार की पहचान है।
'बिहार के लोगों में भी उतनी ही पीड़ा'
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, बिहार में कुछ दिनों पहले जो हुआ, उसकी मैंने कल्पना भी नहीं की थी। बिहार में RJD-कांग्रेस के मंच से मेरी मां को गालियां दी गईं। ये गालियां सिर्फ मेरी मां का अपमान नहीं है। ये देश की मां-बहन-बेटी का अपमान है। मुझे पता है कि आप सबको भी ये देखकर और सुनकर कितना बुरा लगा है। मैं जानता हूं कि इसकी जितनी पीड़ा मेरे दिल में है, उतनी ही तकलीफ मेरे बिहार के लोगों को भी है।
उन्होंने कहा, इसलिए आज जब इतनी बड़ी तादात में बिहार की लाखों माताओं-बहनों के दर्शन मैं कर रहा हूं, तो आज मेरा मन और मैं अपना दुख आपसे साझा कर रहा हूं। ताकि आप माताओं-बहनों के आशीर्वाद से मैं इसे झेल पाऊं। मैंने हर दिन, हर क्षण अपने देश के लिए पूरी मेहनत से काम किया है और इसमें मेरी मां की बहुत बड़ी भूमिका रही है। मुझे मां भारती की सेवा करनी थी। इसलिए मुझे जन्म देने वाली मेरी मां ने मुझे अपने दायित्वों से मुक्त कर दिया था।
'मां का राजनीति से कोई लेना देना नहीं था'
PM ने कहा, आप सब जानते हैं कि अब मेरी मां का शरीर तो इस दुनिया में नहीं है। कुछ समय पहले 100 साल की उम्र पूरी करके, वो हम सबको छोड़कर चली गई। मेरी उस मां को जिसका राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है, जिसका शरीर भी अब नहीं है। मेरी उस मां को RJD-कांग्रेस के मंच से भद्दी-भद्दी गालियां दी गई। ये बहुत ही दुख, कष्ट और पीड़ा देने वाला है। उस मां का क्या गुनाह है कि उसे भद्दी गालियां सुना दी गई।

