मोदी का 76वां जन्मदिन: राहुल-अखिलेश ने शुभकामनाएं दीं; राजनाथ-योगी ने केक काटा; दिल्ली CM ने हवन किया
Published:
3 min read

पीएम मोदी ने मई 2014 में पहली बार भारत के पीएम पद की शपथ ली थी.
नेशनल डेस्क. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आज 76वां जन्मदिन है। उनका जन्म 17 सितंबर 1950 को गुजरात के महेसाणा जिले के वडनगर में हुआ था। उनकी मां का नाम हीराबेन मोदी और पिता का नाम दामोदरदास मूलचंद मोदी है। पीएम मोदी के जन्मदिन पर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, बसपा प्रमुख मायावती, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे समेत तमाम नेताओं ने बधाई दी। दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता ने खाटू श्याम मंदिर में पीएम के अच्छे स्वास्थ्य के लिए हवन किया। वाराणसी में सीएम योगी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने केक काटा और कार्यकर्ताओं को लड्डू बांटे।
राहुल गांधी ने लिखा- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं। आपके अच्छे स्वास्थ्य और लंबे जीवन की कामना करता हूं।
मायावती ने लिखा- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी को आज उनके 76वें जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं स्वस्थ्य जीवन की शुभकामनाएं
अखिलेश यादव ने लिखा- प्रधानमंत्री जी को जन्मदिन की बधाई और स्वस्थ एवं सक्रिय सार्थक जीवन के लिए शुभकामनाएं!
मल्लिकार्जुन खड़गे ने लिखा- प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी को उनके जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। ईश्वर उन्हें अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु का आशीर्वाद प्रदान करें।

दिल्ली CM रेखा गुप्ता ने हवन किया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के मौके पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली के जीटी करनाल रोड स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में हवन किया।
वाराणसी और वडनगर में भी कार्यक्रम
PM के जन्मदिन के मौके पर NDA शासित राज्यों के मुख्यमंत्री PM के लोकसभा क्षेत्र वाराणसी पहुंचेंगे। पीएम के जन्मदिन के मौके पर वाराणसी से वडनगर और वडनगर से वाराणसी के लिए दो बाइक रैली भी निकलेंगी। वडनगर पीएम मोदी का जन्मस्थान है।
तस्वीरों में मोदी के PM बनने तक की यात्रा

फोटो क्रेडिट- PMO
सेवा संकल्प अभियान भी चलाएगी बीजेपी
बीजेपी पीएम के जन्मदिन पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक महीने के लिए पूरे देश में सेवा संकल्प अभियान भी चलाएगी। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य जनता के बीच पहुंचना है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वाराणसी से वडनगर के बीच दो बाइक रैली को भी हरी झंडी दिखाई जाएगी। एक रैली वडनगर से वाराणसी और दूसरी वाराणसी से वडनगर होगी। 17 सितंबर को शुरू होकर ये रैलियां 7 अक्टूबर को खत्म होंगी।
अमित शाह वडनगर में दिखाएंगे हरी झंडी
वडनगर रैली नेशनल इंचार्ज वीडी शर्मा ने बताया- वडनगर इवेंट में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा, महाराष्ट्र डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल समेत कई नेता शामिल होंगे।
ये बाइक रैली 193 जिलों, 1159 गांव और 10 राज्यों से गुजरेगी। ये करीब 40 हजार किलोमीटर की होगी। इसमें देशभर से 1000 युवाओं के शामिल होने की उम्मीद है।
वाराणसी में मौजूद रहेंगे ये नेता
राजनाथ सिंह, सीएम योगी, चंद्रबाबू नायडू, चिराग पासवान समेत अन्य नेता वाराणसी कार्यक्रम में शामिल होंगे। राजनाथ सिंह ने बुधवार को कोलकाता में सेवा से संकल्प अभियान के तहत मीडिया कॉन्फ्रेंस भी की थी।

