PM को अपशब्द कहने वाली लड़की ने माफी मांगी: मोदी बोले- मेरी मां का अपमान हुआ- फिर भी सभी को क्षमा करता हूं
Published:
2 min read

लड़की ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान पीएम को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं।
नेशनल डेस्क. जंतर-मंतर पर CJP प्रदर्शन के दौरान पीएम को अपशब्द कहने वाली लड़की ने माफी मांग ली है। लड़की ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए दावा किया- मैं सिर्फ 15 साल की हूं। मैं दोस्तों के साथ जंतर मंतर पर गई थी। वहां पहले से मौजूद लोग पीएम को अपशब्द बोल रहे थे, उन्हीं के कहने पर मैंने भी इस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया।
वीडियो में लड़की हाथ जोड़कर माफी मांगती नजर आ रही है। वह कहतीहै- मैंने जो कुछ भी किया वह माफी के लायक नहीं है। मैंने बहुत सी बुरी बातें कही हैं। मैं पूरे देश से माफी मांगती हूं। मैं इतनी शर्मिंदा हूं कि खुद को देख भी नहीं पा रही, मुझे माफ कर दीजिए। ये मेरी पहली और आखिरी गलती है।
इधर मोदी बोले- युवाओं को गलतियों से सीख लेने दें
लड़की का ये वीडियो ऐसे समय आया, जब कुछ घंटे पहले ही PM मोदी ने शुक्रवार को इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने कहा कि उन्होंने विरोध प्रदर्शन के दौरान उन्हें गाली देने के आरोपी छात्रों को माफ कर दिया है और समाज से अपील की कि ऐसे बच्चों को दंड देने के बजाय उन्हें गाइड किया जाए। पीएम मोदी ने कहा- मेरे और मेरी मां के खिलाफ इस्तेमाल अपमानजनक नारे बेहद परेशान करने वाले थे। लेकिन युवाओं को अपनी गलतियों से सीखने का मौका दिया जाना चाहिए।
लड़की के खिलाफ नोएडा में FIR
इससे पहले पीएम मोदी के खिलाफ अपशब्द कहने वाली लड़की के खिलाफ 29 जुलाई को नोएडा के एक्सप्रेसवे पुलिस स्टेशन में जीरो FIR दर्ज की गई थी। शिकायत में कहा गया था कि लड़की ने PM के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल किया, जिससे संवैधानिक पद की गरिमा को ठेस पहुंची। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि ये टिप्पणियां जानबूझकर दुर्भावना भड़काने और सार्वजनिक शांति भंग करने के इरादे से की गई थीं।

