भगवान मुरुगन भक्त सम्मेलन: पवन कल्याण और अन्नामलाई पर तमिलनाडु में FIR, हाईकोर्ट के आदेश के उल्लंघन का आरोप
Published:
2 min read

भगवान मुरुगन सम्मेलन में पवन कल्याण और के अन्नामलाई।
आंध्रप्रदेश के डिप्टी सीएम के पवन कल्याण, तमिलनाडु के पूर्व बीजेपी अध्यक्ष के अन्नामलाई के खिलाफ तमिलनाडु में FIR दर्ज हुई है। साथ ही 22 जून को मदुरै में भगवान मुरुगन भक्त सम्मेलन के आयोजकों पर भी मामला दर्ज हुआ है। यह FIR E-3 अन्नानगर पुलिस स्टेशन में दर्ज हुई है। उन पर मद्रास हाईकोर्ट के आदेश के आदेश के उल्लंघन का आरोप है।
वकील ने दर्ज कराई शिकायत
मदुरै पुलिस के मुताबिक, वकील और मदुरै पीपुल्स फेडरेशन फॉर कम्यूनल हार्मोनी के कॉर्डिनेटर एस वंजीनाथन ने शिकायत दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि कार्यक्रम में बयानबाजी ने सांप्रदायिक विद्वेष को भड़काया साथ ही मद्रास हाईकोर्ट के आदेशों का उल्लंघन किया। कार्यक्रम में धार्मिक और राजनीतिक बयानबाजी पर सख्ती के साथ अनुमति दी गई थी।
केस अपराध नंबर 497/2025 भारतीय न्याय संहिता 196(1)(a), 299, 302, और 353(1)(b)(2) के तहत दर्ज हुई है। FIR में हिंदू मुन्नानी के प्रेसीडेंट कादेश्वर सुब्रमण्यम, स्टेट सेक्रटरी एस मुथुकुमार, पवन कल्याण, अन्नामलाई, आयोजक और RSS, BJP हिंदू मुन्नानी के सदस्यों के नाम हैं।
पुलिस के सूत्रों का कहना है कि कार्यक्रम के दौरान ऐसी भाषा का इस्तेमाल किया गया, जिससे जाति, धर्म के आधार पर दुश्मनी पैदा हो। साथ ही दूसरे धर्मों की भावनाओं को ठेस पहुंची है। FIR में यह भी आरोप लगाया कि धार्मिक कार्यक्रम की आड़ में सार्वजनिक बयानबाजी का उद्देश्य वैमनश्य फैलाना था।
कार्यक्रम में 1 लाख भक्त पहुंचे थे
तमिल संस्कृति में भगवान मुरुगन का बड़ा स्थान है। 22 जून को तमिलनाडू के मदुरै में हुए इस सम्मेलन में बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे थे। हिंदू मुन्नानी का दावा है कि कार्यक्रम में 1 लाख भक्त उपस्थित थे। कार्यक्रम को लेकर खूब राजनीति हुई थी। DMK ने बीजेपी और उसकी सहयोगी पार्टियों पर धर्म की राजनीति करने का आरोप लगाया था।
सेक्युलर सिर्फ हिंदुओं पर सवाल उठाते हैं- पवन कल्याण
कार्यक्रम में आंध्र प्रदेश के डिप्टी सीएम पवन कल्याण ने सेक्युलर और नास्तिकों पर जमकर हमला बोला था। उन्होंने कहा था कि सेक्युलर लोग सिर्फ हिंदुओं पर सवाल उठाते हैं। कार्यक्रम में बीजेपी नेताओं ने हिंदू एकता और धर्मांतरण पर भी चिंता जताई थी।

