पटना में नाबालिग का शव पेड़ से लटका मिला: जंगल में लकड़ी बीनने गई थी, परिजनों का आरोप- गैंगरेप के बाद हत्या की गई
Published:
3 min read

मनेर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग छात्रा का शव बगीचे में आम के पेड़ से लटका मिला। (सिंबॉलिक इमेज)
राजधानी पटना के मनेर में बुधवार को एक नाबालिग का शव पेड़ पर मिलने के बाद हड़कंप मच गया। छात्रा का शव बगीचे में आम के पेड़ से लटका मिला। वह खाना बनाने के लिए बगीचे से लकड़ी लेने गई थी। परिजनों का आरोप है कि उनकी बेटी के साथ गैंगरेप हुआ और इसके बाद उसकी हत्या कर दी गई। उधर, पटना के ही चितकोहरा क्षेत्र से एक और घटना सामने आई है। यहां स्कूल के बाथरूम में 5वीं की छात्रा ने खुद को आग लगा ली। परिजनों का आरोप है कि स्कूल के टीचरों ने बच्ची को जलाया है।
घटना-1 : नाबालिग के पिता हैदराबाद में मजदूरी करते हैं
मनेर थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की का शव पेड़ से लटका मिला। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक, छात्रा के पिता हैदराबाद में रहकर मजदूरी करते हैं। जबकि, मां की बीमारी के चलते कुछ दिनों पहले माैत हो गई। छात्रा दो दिन पहले खाना पकाने के लिए लकड़ी लेने गई थी। लौटकर न आने पर ग्रामीणाें ने उसकी तलाश शुरू की। बुधवार सुबह किसी ने बगीचे में नाबालिग के शव को आम के पेड़ से लटका देखा। इसकी सूचना ग्रामीणों ने मनेर पुलिस को दी। पटना SP सिटी भानुप्रताप सिंह भी मौके पर पहंचे। SP सिटी ने जल्द ही जांच कर आरोपियों को पकड़ने का आश्वासन दिया है।
परिजनों का आरोप- गैंगरेप कर हत्या की गई
परिजनों के मुताबिक, मृतका एक बार लकड़ियां घर पर रख गई थी। दूसरी बार जाने से पहले उसने पास में ही बकरियां चरा रही एक महिला को बताया था कि बाग में कुछ लोग हैं जो लकड़ियों को उसके सिर पर रखवा देंगे। इसके बाद वह बगीचे में गई, लेकिन लौट कर नहीं आई। परिजनों और ग्रामीणों ने नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई है। वहीं पुलिस ने इस पर कुछ कहने से इनकार कर दिया है। पुलिस का कहना है, पोस्टमार्टम रिपार्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
घटना- 2: स्कूल के टीचरों ने बच्ची को जला दिया
पटना के चितकोहरा के कन्या माध्यमिक विद्यालय में पढ़ने वाली पांचवीं की छात्रा ने बुधवार को खुद को आग के हवाले कर दिया। इलाज के लिए उसे अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन शाम होते होते छात्रा ने दम तोड़ दिया। वहीं परिजनाें और स्थानीय लोगों का आरोप है- बच्ची ने खुद को आग नहीं लगाई है, बल्कि स्कूल के टीचरों ने जला दिया है। घटना से परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश है। गुरुवार को परिजनों ने जमकर हंगामा काटा। आगजनी और पथराव में एक पुलिसकर्मी भी जख्मी हुआ है।
जल्द आरोपियों पर एक्शन होगा- पुलिस
इस घटना पर पुलिस ने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई करने की बात कही है। पुलिस अफसरों के मुताबिक ,छात्रा ने खुद काे आग लगाई या किसी ने जलाया है। इसका खुलासा रिपोर्ट आने के बाद होगा। पुलिस पर हुए हमले पर भी एक्शन लिया जाएगा, फिलहाल हालात कंट्रोल में हैं।

