PM मोदी की टी पार्टी से नदारद रहे विपक्षी सांसद: प्रधानमंत्री का तंज -राहुल गांधी अपने ही योग्य नेताओं से घबराए हुए; कांग्रेस युवाओं को नहीं देती मौका
Published:
3 min read

लोकसभा की आखिरी दिन की PM मोदी सदन में मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से बुलाई गई टी पार्टी से बुधवार को विपक्षी सांसद नदारद नजर आए। PM मोदी ने इसे लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तंज कसा। उन्होंने कहा- राहुल गांधी अपनी ही पार्टी के योग्य नेताओं से घबराए हुए हैं। कांग्रेस में युवा नेताओं को दबाया जा रहा है। पार्टी अपने यंग लीडर्स को बोलने का मौका नहीं देती।
PM मोदी ने पार्टी में मौजूद NDA सांसदों से कहा- कांग्रेस और विपक्ष में कई टैलेंटेड युवा नेता मौजूद हैं, लेकिन उन्हें बोलने का मौका नहीं मिलता। इसकी वजह एक परिवार की असुरक्षा की भावना है। पीएम मोदी ने इशारों में कहा- इन योग्य नेताओं की मौजूदगी से राहुल गांधी असहज और घबराए हुए रहते हैं।
PM मोदी ने संसद सत्र को सफल बताया
सूत्रों के मुताबिक, पीएम मोदी ने कहा कि संसद का मानसून सत्र सफल रहा, क्योंकि इसमें कई अहम विधेयक पास हुए। विपक्षी सांसदों ने ना सिर्फ बहस से दूर रहे, बल्कि सदन की कार्यवाही में रुकावट पैदा करने की कोशिश की। पीएम मोदी ने खास तौर पर ऑनलाइन गेमिंग बिल का जिक्र किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि इससे ऑनलाइन गेमिंग कंपनियों पर शिकंजा कसेगा। आम लोगों पर सीधे तौर पर इस बिल का असर होगा। हालांकि, विपक्ष जनता से जुड़ा मुद्दा होने के बावजूद इस बिल की बहस में शामिल नहीं हुआ।
लोकसभा में विपक्षी सांसदों का हंगामा
बुधवार को लोकसभा के मानसून सत्र का आखिरी दिन था। PM मोदी सदन में मौजूद थे। सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सांसदों ने बिहार वोटर लिस्ट संशोधन को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने विपक्षी सांसदों से शांत रहने की अपील की। हालांकि, जब वे नहीं माने तो लोकसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी।
इससे पहले स्पीकर ओम बिरला ने मौजूदा सत्र में हुए कामकाज का लेखा-जोखा पेश किया। बिरला ने कहा- माैजूदा सत्र में कुल 14 सरकारी विधेयक पेश किए गए, जिनमें से 12 पारित हुए हैं।
PM मोदी ने विपक्षी सांसदों को टी पार्टी में बुलाया था
लोकसभा की कार्यवाही स्थगित होने के बाद PM मोदी ने विपक्षी सांसदों को चाय पार्टी में शामिल होने का न्यौता दिया था। हालांकि, एक भी विपक्षी सांसद पार्टी में शामिल नहीं हुए। आम तौर पर संसद सत्र खत्म होने पर प्रधानमंत्री दोनों सदनों के सांसदों के लिए टी पार्टी करते हैं। इसमें आम तौर पर विपक्षी सांसद शामिल होते रहे हैं। पिछले साल अगस्त में संसद सत्र खत्म होने पर लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने टी पार्टी दी थी। इसमें राहुल गांधी समेत विपक्ष के कई नेता शामिल हुए थे।
इस सत्र में 2 विशेष चर्चा
ओम बिरला ने कहा कि 28 और 29 जुलाई को विशेष चर्चा (ऑपरेशन सिंदूर) हुई, जिसका समापन प्रधानमंत्री के जवाब के साथ हुआ। 18 अगस्त 2025 को अंतरिक्ष कार्यक्रम की उपलब्धियों पर विशेष चर्चा की गई। 419 प्रश्न शामिल किए गए थे, केवल 55 प्रश्न ही मौखिक उत्तर दिए जा सके।

