संसद में सियासी जंग के बीच ‘बैकडोर टॉक’: राहुल गांधी के कमरे में 50 मिनट चली सरकार-विपक्ष की बैठक; क्या बातचीत हुई
Published:
4 min read

सरकार की ओर से किरेन रिजिजू इस बैठक में शरीक हुए।
नेशनल डेस्क। संसद के मानसून सत्र में लगातार जारी गतिरोध के बीच बुधवार (5 अगस्त) को एक बड़ी राजनीतिक हलचल देखने को मिली। एक ओर विपक्ष संसद परिसर में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहा था, वहीं दूसरी ओर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के कमरे में सरकार और विपक्ष के नेताओं के बीच करीब 50 मिनट तक बैठक हुई।
शुरुआती रिपोर्ट्स यह थीं कि मानसून सत्र में 13 दिन से संसद की कार्यवाही बाधित होने के बाद सरकार चाहती है कि विपक्ष अपना प्रोटेस्ट अब रोक ले ताकि ताकि जरूरी विधियकों पर चर्चा हो सके। लेकिन बाद में खबर आई कि 50 मिनट की इस बैठक में सबसे अहम मुद्दा परिसीमन बिल था।
ANI ने सूत्रों के हवाले से लिखा है कि संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बैठक के दौरान कांग्रेस और विपक्ष से परिसीमन बिल पर उनका रुख जानने की कोशिश की। बैठक में राहुल गांधी के अलावा कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी मौजूद थीं। हालांकि बैठक में क्या सहमति बनी, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई।
यह बैठक ऐसे वक्त में हुई है, जब संसद का मानसून सत्र लगातार हंगामे की वजह से प्रभावित हो रहा है। विपक्ष की मांग है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह खुद संसद में आकर स्टूडेंट प्रोटेस्ट के दौरान छात्रों और युवाओं पर हुई पुलिस कार्रवाई और अयोध्या राम मंदिर दान चोरी के मामले पर जवाब दें।
संसद के बाहर प्रदर्शन, अंदर बातचीत
बैठक से पहले विपक्षी सांसदों ने प्रेरणा स्थल स्थित गांधी प्रतिमा से मकर द्वार तक मार्च निकाला। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कई नेताओं ने स्टूडेंट पर पुलिस एक्शन और अन्य मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी दोहराया कि विपक्ष तब तक शांत नहीं बैठेगा, जब तक प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह संसद में इस पूरे मामले पर जवाब नहीं देते।

PM मोदी ने भी सांसदों के साथ की बैठक
उधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार सुबह अपने आवास पर BJP और सहयोगी दलों के 37 सांसदों के साथ नाश्ते पर बैठक की। सूत्रों के मुताबिक, यह बैठक संसद सत्र के दौरान सांसदों से बातचीत की उनकी रेगुलर पहल का हिस्सा थी। यह बैठक किसी एजेंडे को लेकर नहीं बल्कि एक सामान्य मेलजोल के लिहाज से थी।
बैठक में NCPI (TMC के बागी सांसदों की पार्टी) के सांसद, हाल ही में BJP में शामिल हुए AAP के राज्यसभा सांसद, सीनियर BJP लीडर तरुण चुघ, विनोद तावड़े और पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन मौजूद थे।
यह भी पढ़ें...

