भाई ने बहन की हत्या की: इंटर कास्ट मैरिज से नाराज था, मेले में गई बहन को मारी गोली; मर्डर के बाद सरेंडर किया
Published:
2 min read

भाई ने ली बहन की जान
पंजाब के मोगा जिले में भाई ने ही बहन को मौत के घाट उतार दिया। महिला गुरुद्वारा धार्मिक मेले में गई थी। इसी दौरान उसका भाई गुरुद्वारा पहुंचा और महिला की गोली मारकर हत्या कर दी।
बताया जा रहा है कि सिमरन ने दो साल पहले इंटर कास्ट मैरिज की थी। इससे उसका भाई हरमनप्रीत काफी नाराज था। ऐसे में उसने बहन की हत्या कर दी। मृतका की ननद ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने हरमनप्रीत के खिलाफ FIR दर्ज कर ली।
पुलिस के मुताबिक, दौलेवाला गांव में हरमनप्रीत सिंह ने सरेंडर कर दिया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से हत्या में इस्तेमाल पिस्टल बरामद की गई।
न्यूज एजेंसी के मुताबिक, पुलिस ने बताया, आरोपी बहन की इंटर कास्ट मैरिज से नाराज था, बहन ने दो साल पहले ही शादी की थी। लड़की पक्ष वाले अरोरा सिख कम्युनिटी के है और ससुरालवाले राय सिख कम्युनिटी से हैं।
सिमरन की ननद भोली की शिकायत पर पुलिस ने FIR दर्ज कर ली। भोली ने पुलिस को बताया कि भाभी (सिमरन) के साथ गांव के गुरुद्वारे में धार्मिक मेले में गई थी, तभी हरमनप्रीत मेले में आया और सिमरन पर हमला कर दिया। उसने ऐसा इसलिए किया था क्यों कि वह इस शादी से खुश नहीं था। आरोपी के खिलाफ BNS की धारा- 103 और आर्म्स एक्ट की धारा- 25, 27, 54 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

