पानीपत में खाली कोच में महिला से गैंगरेप: पति के पास छोड़ने का दिया झांसा, सोनीपत रेलवे ट्रेक पर फेंका; ट्रेन से पैर कटा
Published:
2 min read

गैंगरेप कर महिला को रेलवे ट्रैक पर फेंका
हरियाणा के पानीपत रेलवे स्टेशन पर महिला के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। महिला को पति के पास छोड़ने का झांसा देकर गैंगरेप किया गया। घटना में तीन लोगों के शामिल होने की बात कही जा रही है। महिला के साथ गैंगरेप के बाद उसे सोनीपत रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया। महिला के ऊपर से ट्रेन गुजर गई और उसका एक पैर कट गया।
मामला पानीपत का है, जहां 35 साल की महिला 24 जून से लापता थी। पति ने 26 जून को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पति ने शिकायत में बताया कि महिला पहले भी इसी तरह लापता हुई थी, लेकिन वह खुद घर वापस लौट आई थी। लेकिन इस बार दो दिन होने के बाद भी घर नहीं लौटी।
पुलिस के मुताबिक, महिला के पति ने 26 जून को मिसिंग रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमें उन्होंने बताया था कि किसी विवाद के बाद महिला 24 जून को लापता हो गई थी।
पुलिस अधिकारी श्रीनिवास ने न्यूज एजेंसी को बताया पीड़िता को पानीपत रेलवे स्टेशन पर एक शख्स ने घर छोड़ने का झांसा दिया था, उसके बाद खाली कोच में अपने दो साथियों के साथ मिलकर गैंगरेप किया और उसे सोनीपत में रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया। बाद में एक ट्रेन उसके ऊपर से गुजरी और वह बुरी तरह घायल हो गई।
रेलवे पुलिस के मुताबिक, सोनीपत रेलवे स्टेशन पर दुकानदार ने महिला को घायल अवस्था में रोता देख मदद की पेशकश की। महिला का पैर कटा होने की वजह से उसे रोहतक में अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस अधिकारी श्रीनिवास ने बताया कि हमने गैंगरेप मामले में जीरो FIR दर्ज कर पानीपत जीआरपी को फॉरवर्ड कर जल्द कार्रवाई करने के आदेश दिए है।
रेलवे के सीनियर पुलिस अधिकारी राजेश ने बताया कि रविवार को ही मुकदमा दर्ज हो चुका है। आगे की कार्रवाई जारी है। जांच के लिए एक एसआईटी का गठन किया गया है।
पानीपत एसपी भूपेंद्र सिंह और उनकी टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान स्पेशल जांच टीम के साथ सोनीपत जीआरपी पुलिस की टीम मौजूद रही। पुलिस की टीम लगातार जांच में जुटी है और आरोपियों के खिलाफ ठोस सबूत तलाश रही है। आसपास के लोगों और दुकानदारों से पूछताछ की जा रही है और सीसीटीवी चेक किए जा रहे है।

