पाकिस्तान में फिदायीन हमला: हमलवार ने सेना के काफिले में घुसाई विस्फोट लदी गाड़ी, 13 सैनिकों की मौत, 19 से ज्यादा घायल, TTP ने ली जिम्मेदारी
Published:
3 min read

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में शनिवार को एक फिदायीन हमले में 13 सैनिकों की मौत हो गई।
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में शनिवार को हुए एक फिदायीन कार बम हमले में 13 सैनिक मारे गए हैं। यह हमला वजीरिस्तान जिले में हुआ जहां एक आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटकों से भरी गाड़ी को सेना के काफिले में घुसा दिया। धमाका इतना जबरदस्त था कि आसपास के दो मकानों की छत भी गिर गई, जिससे 6 बच्चे घायल हो गए। AFP के मुताबिक एक स्थानीय अफसर ने पुष्टि की कि 10 सैनिकों और 19 नागरिकों सहित कुल 29 लोग घायल हुए हैं।
चार सैनिकों की हालत गंभीर
स्थानीय प्रशासन ने बताया कि चार सैनिकों की हालत बेहद गंभीर है। घायलों को सेना के हेलिकॉप्टरों के ज़रिए पास के अस्पतालों में भेजा गया। इस हमले की जिम्मेदारी हाफिज गुल बहादुर समूह ने ली है, जो पाकिस्तानी तालिबान (TTP) का करीबी सहयोगी गुट माना जाता है। यह वही संगठन है जो पहले भी पाकिस्तान में कई फिदायीन हमलों को अंजाम दे चुका है। हमले के बाद इलाके में हाई अलर्ट है और सेना ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
पूरे इलाके में छाया धुएं का गुबार
पुलिस अधिकारी ने AFP को बताया कि धमाके से क्षेत्र में दहशत फैल गई। आत्मघाती हमलावर ने गश्त पर निकने सेना के काफिले को निशाना बनाया। विस्फोट इतना तेज था कि आसपास के घरों की खिड़कियां और दरवाजे टूट गए। बच्चों समेत कई नागरिक इस हमले की चपेट में आए। स्थानीय लोगों ने बताया कि विस्फोट के बाद पूरे इलाके में धुएं का गुबार छा गया था।
आतंकी हमलों में इस साल 290 की मौत
पाकिस्तान में इस साल की शुरुआत से अब तक तालिबान समर्थित समूहों के हमलों में करीब 290 लोग मारे जा चुके हैं, जिनमें अधिकांश सुरक्षा बलों के जवान हैं। अफगानिस्तान में तालिबान की वापसी के बाद पाक-अफगान सीमा पर हिंसा की घटनाएं बढ़ गई हैं। पाकिस्तान सरकार का आरोप है कि अफगानिस्तान की धरती का इस्तेमाल पाकिस्तान के खिलाफ आतंक फैलाने के लिए हो रहा है। हालांकि, तालिबान इस दावे को नकारता रहा है।
पहले भी होते रहे हैं ऐसे आतंकी हमले
यह हमला पाकिस्तान की सेना के लिए इस साल का सबसे बड़ा झटका माना जा रहा है। इससे पहले भी वजीरिस्तान और बलूचिस्तान में सुरक्षा बलों पर ऐसे हमले हो चुके हैं। इसी साल बलूचिस्तान में बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी ने एक पूरी ट्रेन हाईजैक कर ली थी। इस ट्रेन में पाकिस्तानी सेना के कई अफसर भी सवार थे। ट्रेन हाईजैक में 200 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी। पाकिस्तान आर्मी ने ट्रेन हाईजैक करने वाले 27 आतंकियों को मारने का दावा किया था।

