पाकिस्तान ने हमारे स्ट्रक्चर हटाए तो हमने भी बुलडोजर चलवा दिए: MEA ने बताया दिल्ली में PAK हाई कमीशन के बाहर क्यों चला JCB
Published:
3 min read

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को कहा कि दिल्ली में पाकिस्तान हाई कमीशन के बाहर स्ट्रक्चर पाकिस्तान की ओर से लिए गए एक्शन का जवाब था।- फाइल फोटो
नेशनल डेस्क। दिल्ली में पाकिस्तान हाई कमीशन के बाहर बुलडोजर चलाकर बैरिकेड्स और अस्थायी स्ट्रक्चर हटाने पर भारत ने पहली बार वजह साफ की है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि यह एक्शन पाकिस्तान की ओर से की गई कार्रवाई का प्रोपोर्शनेट रिस्पॉन्स यानी उसी अंदाज में दिया गया जवाब था। पाकिस्तान ने इस्लामाबाद में इंडियन हाई कमीशन के बाहर लगे सिक्योरिटी पोल और दूसरे स्ट्रक्चर हटा दिए थे। भारत ने ऐसा नहीं करने को कहा था, लेकिन पाकिस्तान नहीं माना। इसके बाद दिल्ली में भी पाकिस्तान हाई कमीशन के बाहर लगे स्ट्रक्चर हटा दिए गए।
पाकिस्तान से कहा था- स्ट्रक्चर मत हटाइए
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को वीकली मीडिया ब्रीफिंग में पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने कहा- पाकिस्तान में इंडियन हाई कमीशन के सामने पार्किंग की सुविधा के लिए कुछ स्ट्रक्चर लगाए गए थे। इसके बावजूद हमने उनसे इन्हें नहीं हटाने का अनुरोध किया था। जब उन्होंने ऐसा कर दिया, तो उसके जवाब में हमने भी वही किया, जिसे प्रोपोर्शनेट एक्शन कहा जा सकता है।

दिल्ली में पाकिस्तान हाई कमीशन के बाहर बुलडोजर एक्शन
रणधीर जायसवाल ने इसके बाद दिल्ली में हुए बुलडोजर एक्शन को भी पाकिस्तान से जोड़ा। उन्होंने कहा- यहां पाकिस्तान हाई कमीशन की लेन में उनके कुछ टेम्परेरी स्ट्रक्चर थे, इसलिए हमने उन्हें वहां से हटा दिया। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, दिल्ली में हुई कार्रवाई कोई अलग मामला नहीं था, बल्कि इस्लामाबाद में भारतीय हाई कमीशन के बाहर पाकिस्तान की एक्शन का जवाब था।
JCB से हटाए बैरिकेड्स और क्यू मैनेजमेंट स्ट्रक्चर
सरकारी सोर्सेज के मुताबिक, दिल्ली में पाकिस्तान हाई कमीशन के बाहर लगाए गए क्यू लाइनर को भी हटाया गया। इसका इस्तेमाल खास तौर पर वीजा सेक्शन के बाहर लोगों की लाइन मैनेज करने के लिए किया जाता था। अधिकारियों ने JCB की मदद से बैरिकेड्स और दूसरे स्ट्रक्चर हटाए। बताया गया कि इनमें से कुछ स्ट्रक्चर पाकिस्तान हाई कमीशन की अप्रूव्ड बाउंड्री के बाहर तक बने हुए थे।
पहलगाम हमले के बाद से भारत-पाकिस्तान में टेंशन
यह पूरा मामला ऐसे समय सामने आया है, जब भारत और पाकिस्तान के रिश्ते तल्ख हैं। अप्रैल 2025 में पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत हुई थी। इसके बाद भारत ने पाकिस्तान पर क्रॉस-बॉर्डर टेररिज्म को सपोर्ट करने के आरोप लगाए थे। भारत ने पाकिस्तान से आतंकियों और उनके नेटवर्क के खिलाफ सख्त एक्शन लेने की मांग की थी।
भारत ने ऑपरेशन सिंदूर में तबाह किए आतंकी ठिकाने
पहलगाम हमले के बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर लॉन्च किया था। इसके तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया। इसके बाद भारत और पाकिस्तान के बीच चार दिन तक जंग चली थी। आखिरकार 10 मई 2025 को पाकिस्तान ने इंडियन आर्मी से हमले रोकने की रिक्वेस्ट की थी। भारत ने इसके बाद पाकिस्तान पर हमले रोक दिए थे।

