संसद परिसर में अमित शाह के खिलाफ नारे लगे: विपक्ष ने स्टूडेंट्स पर गोली चलवाने के आरोप लगाए, वेणुगोपाल बोले- जवाब दो, भागो मत
Published:
3 min read

संसद में गुरुवार की कार्यवाही शुरू होने के ठीक पहले INDIA ब्लॉक के सांसदों ने अमित शाह के खिलाफ प्रोटेस्ट किया।
नेशनल डेस्क। संसद परिसर में गुरुवार (30 जुलाई) को विपक्षी दलों के सांसद मकर द्वार पर एकजुट हुए। यहां सासंदों ने स्टूडेंट प्रोटेस्ट के दौरान हुई पुलिस एक्शन को लेकर गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ नारे लगाए। सांसदों ने इस दौरान अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे में गबन के मुद्दे पर भी विरोध प्रदर्शन किया।
सुबह करीब 10.30 बजे INDIA गठबंधन के सांसद हाथों में तख्तियां लेकर मकर द्वार पर पहुंचे। इन तख्तियों पर अलग-अलग बातें लिखी हुई थीं। किसी में लिखा था- अमित शाह ने स्टूडेंट्स पर गोली चलाने के आदेश दिए तो किसी में लिखा था- अमित शाह जवाब दो। 'चंदा चोर गद्दी छोड़' लिखी हुई तख्तियां भी नजर आईं।
यह प्रदर्शन ऐसे वक्त में हुआ, जब राज्यसभा में पब्लिक एग्जामिनेशन (प्रिवेंशन ऑफ अनफेयर मीन्स) संशोधन विधेयक, 2026 पर चर्चा होनी है और इसे पारित किया जाना है। लोकसभा से यह बिल एक दिन पहले पास हो चुका है।
अमित शाह के खिलाफ लगे नारे
विपक्षी सांसदों ने गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ खूब नारेबाजी की। 'अमित शाह सदन में आओ' और 'लाठी-गोली की सरकार नहीं चलेगी' जैसे नारे काफी देर तक लगते रहे। राम मंदिर के मुद्दे पर भी केन्द्र की मोदी सरकार और उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के खिलाफ नारेबाजी होती रही।
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा- दिल्ली में पुलिस एक्शन का आदेश किसने दिया, किसने स्टूडेंट्स पर गोली चलाने का ऑर्डर दिया, हम देश के गृह मंत्रालय से बस यही जवाब चाहते हैं। गृह मंत्री जवाब देने की बजाय संसद से भाग क्यों रहे हैं, यहां तक कि लोकसभा में विपक्ष के नेता तक को इस मुद्दे पर बोलने नहीं दिया जा रहा।
गोली चली तो किसी ने तो आदेश दिया ही होगा: कपिल सिब्बल
कांग्रेस के सीनियर लीडर कपिल सिब्बल ने कहा- अगर किसी ने गोली चलाई या पेलेट गन से लोगों को घायल किया, तो साफ है कि इसके लिए किसी ने तो आदेश दिया होगा। अगर SDM ने इसकी इजाजत दी, तो क्या गृह मंत्री ने कभी कहा कि SDM ने गलत किया? गृह मंत्री इस मामले पर चुप क्यों हैं? उनकी चुप्पी से लगता है कि ये सब उनकी मंजूरी से हुआ।
सिब्बल ने कहा- अगर ऐसा नहीं होता, तो वो खुलकर कहते कि SDM ने गलत फैसला लिया। शुरुआत में BJP कह रही थी कि पेलेट गन चली ही नहीं। लेकिन जब राहुल गांधी ने लोगों के चेहरे और शरीर पर लगी चोटें दिखाईं, तो उन्हें मानना पड़ा कि इसका इस्तेमाल हुआ था। ऐसे में इसकी जिम्मेदारी गृह मंत्री को लेनी चाहिए। लेकिन न तो वो संसद में आकर बयान दे रहे हैं, न ही ये मान रहे हैं कि कोई गलती हुई।
राम मंदिर पर वोट मांगे, अब हम जवाब मांग रहे: राम गोपाल यादव
समाजवादी पार्टी के सांसद राम गोपाल यादव ने कहा- अयोध्या में दान चोरी का मामला करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ा है। भगवान राम के नाम पर चुनाव लड़ने वाली सरकार मंदिर में चढ़ावे की चोरी पर जवाब देने से बच रही है। उन्होंने कहा कि यह मुद्दा खत्म होने वाला नहीं है और विपक्ष इसे लगातार उठाता रहेगा।
यह भी पढ़ें...

