ऑपरेशन सिंदूर पर मोदी: कहा- 22 अप्रैल का बदला 22 मिनट में लिया, PAK की एटमी धमकी का ऐसा जवाब दिया कि उनकी नींद आज भी उड़ी है
Published:
3 min read

ऑपरेशन सिंदूर पर संसद में दूसरे दिन के बहस में PM मोदी ने भी हिस्सा लिया।
ऑपरेशन सिंदूर पर संसद के दोनों सदनों में बहस जारी है। लोकसभा में PM मोदी ने शाम लगभग 6.15 बजे बोलना शुरू किया। उन्होंने कहा- संसद का ये सत्र विजयोत्सव का है। यह भारतीय सेना के शौर्य और सामर्थ्य का विजयोत्सव है। मैं यहां भारत का पक्ष रखने के लिए आया हूं। जिन्हें भारत का पक्ष नहीं दिखता है, उन्हें आईना दिखाने के लिए खड़ा हूं। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान जिस तरह देशवासियों ने मेरा साथ दिया, उसके लिए मैं उनका अभिनंदन करता हूं।
मोदी ने कहा कि हमने 22 अप्रैल का बदला ऑपरेशन सिंदूर के तहत 22 मिनट में ले लिया। साथ ही, पाक की एटमी धमकी का ऐसा जवाब दिया कि उनकी नींद आज भी उड़ी हुई है।
मैंने सेना को कार्रवाई की पूरी छूट दी
मोदी ने कहा, ‘मैं पहलगाम हमले वाले दिन विदेश में था। वापस आने के तुरंत बाद मैंने एक बैठक बुलाई। हमने स्पष्ट निर्देश दिए कि आतंकवाद को मुंहतोड़ जवाब देना है। सेना को कार्रवाई करने की पूरी छूट दी गई। यह भी कहा गया कि सेना को तय करना चाहिए कि कब, कहां, कैसे और किस तरीके से कार्रवाई करनी है।
हमें गर्व है कि आतंकवादियों को सजा दी गई। यह ऐसी सजा थी कि आतंक के आकाओं की आज भी रातों की नींद उड़ी हुई है।'
पाकिस्तान ने परमाणु धमकी दी, हमने सटीक हमले किए
PM ने कहा कि पहलगाम हमले के ठीक बाद पाकिस्तानी सेना को यह अंदाजा हो गया था कि भारत वास्तव में बड़ी कार्रवाई करेगा। उन्होंने परमाणु धमकी देनी शुरू कर दी। 6-7 मई की आधी रात भारत ने ठीक वैसा ही कदम उठाया जैसा तय था। पाकिस्तान कुछ नहीं कर सका। फोर्सेज ने 22 अप्रैल का बदला 22 मिनट के भीतर सटीक हमलों से ले लिया।
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने मुझे फोन किया
PM ने कहा, '9 मई को अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने मुझे फोन किया। मैं सेना के अधिकारियों के साथ मीटिंग में था तो उठा नहीं पाया। बाद में उन्हें कॉल बैक किया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान बहुत बड़ा हमला प्लान कर रहा है। मैंने कहा कि पाकिस्तान जो भी हमला करे, हम उससे कहीं ज्यादा बड़ा जवाब देंगे।'
अब एटमी ब्लैकमेलिंग काम नहीं आएगी
मोदी ने कहा कि भारत ने साबित कर दिया है कि एटमी ब्लैकमेलिंग अब काम नहीं आएगी और न ही भारत इस ब्लैकमेलिंग के आगे झुकेगा। पाकिस्तान के एयरबेस और संपत्तियों को भारी नुकसान पहुंचा है। आज तक उनके कई एयरबेस ICU में हैं।
शाह ने पहलगाम के गुनहगारों के मारे जाने का ऐलान किया
इससे पहले अमित शाह ने लोकसभा में ऐलान किया कि पहलगाम हमले में शामिल तीनों आतंकी सोमवार को सुरक्षा बलों के साथ हुए एनकाउंटर में मारे जा चुके हैं।
शाह ने कहा कि कल के ऑपरेशन महादेव के तहत तीनों आतंकवादी सुलेमान, अफगान और जिबरान ढेर हो गए। जो लोग उन्हें खाना पहुंचाते थे, उन्हें पहले ही हिरासत में ले लिया गया था। उन लोगों ने ही इनके शवों की पहचान की।
अमित शाह इस दौरान विपक्ष पर काफी आक्रामक दिखे। उन्होंने कहा, 'मुझे उम्मीद थी कि जब वे (विपक्ष) पहलगाम आतंकवादियों के मारे जाने की खबर सुनेंगे तो खुश होंगे, लेकिन ऐसा लगता है कि वे इससे खुश नहीं हैं।' पूरी खबर पढ़ें..

