ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान के एटमी ठिकाने पर हमला हुआ था: पूर्व CDS चौहान बोले- हो सकता है सुसाइड ड्रोन किराना हिल्स से टकराया हो
Published:
3 min read

अनिल चौहान ऑपरेशन सिंदूर के समय CDS (यानी तीनों सेनाओं के प्रमुख) थे
नेशनल डेस्क. क्या भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान की किराना हिल्स पर हमला किया था... ये सवाल 15 महीने तक मिस्ट्री बना रहा। ऑपरेशन सिंदूर के समय सोशल मीडिया पर भारत के किराना हिल्स पर हमले से जुड़े कई दावे किए गए थे। कुछ तस्वीरें भी वायरल हुई थीं। हालांकि, पाकिस्तान की चुप्पी और भारत के इनकार की वजह से यह रहस्य ही बना रहा। लेकिन अब पूर्व CDS अनिल चौहान के बयान ने इस पूरे रहस्य से पर्दा उठा दिया है।
पूर्व CDS जनरल अनिल चौहान मंगलवार को विवेकानंद इंटरनेशनल फाउंडेशन के VIMARSH: Operation Sindoor and its Aftermath कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारत ने पाकिस्तान की किराना हिल्स पर हमला किया होगा। यह सरगोधा के पास भारत के हमले की पहली बार पुष्टि है। दरअसल, किराना हिल्स में ही पाकिस्तान की न्यूक्लियर फैसिलिटी है।
ये भी पढ़ें: मैंने एयर चीफ मार्शल से झूठ बोला था: जब मिशन रोकने के डर से एयर मार्शल ने छिपाई सच्चाई, ऑपरेशन सिंदूर से जुड़ा है किस्सा; अब पॉडकास्ट में खुला राज
किराना हिल्स पर पूर्व CDS ने क्या कहा
अनिल चौहान ने साफ किया कि भारत ने किराना हिल्स को जानबूझकर निशाना नहीं बनाया था। उन्होंने कहा- ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत ने सरगोधा और उसके आसपास पाकिस्तानी रडार तलाशने के लिए कई लोइटरिंग म्यूनिशन (सुसाइड ड्रोन) भेजे थे। किराना हिल्स, सरगोधा से करीब 10 किलोमीटर उत्तर में है। लोइटरिंग म्यूनिशन की करीब 2 घंटे की सीमित उड़ान होती है। इस समय में अगर टारगेट नहीं मिलता तो ये सुसाइड ड्रोन अपने आप नीचे गिर जाते हैं। चौहान ने कहा- संभव हैकि इनमें से कोई एक सुसाइड ड्रोन किराना हिल्स की किसी पहाड़ी से टकराया हो। उन्होंने इसकी एक वजह यह भी बताया कि उस समय पाकिस्तानी मीडिया में किराना हिल्स से धुआं उठने वाली तस्वीरें दिखाई गई थीं।

'सरगोधा पर हमले की इजाजत दी थी'
अनिल चौहान ने बताया कि पाकिस्तान ने जब करीब सुबह 10 बजे बातचीत की इच्छा जताई, उसी समय एयर चीफ ने उनसे पूछा कि क्या सरगोधा पर हमला किया जाए। चौहान ने कहा कि उन्होंने 'गो अहेड'कहा। इसके बाद दो और टारगेट की पहचान करने को कहा गया। उनमें से एक स्कर्दू था, लेकिन खराब मौसम की वजह से उसे बदलकर भोलारी कर दिया गया।

चौहान ने बताया कि भारत ने फैसला किया था कि पाकिस्तान को आखिरी हमला नहीं करने देंगे। उन्होंने कहा- हमने जो रणनीति तैयार की थी, उसके मुताबिक हमने दो बातें तय की थीं पहला अंतिम हमला या जीत का संदेश हमारी तरफ से दिया जाएगा, न कि पाकिस्तान की ओर से।
ये भी पढ़ें: ऑपरेशन सिंदूर के बाद अटकीं 150 पाकिस्तानी दुल्हनें: भारत ने वीजा दिया; अब दुबई-मस्कट होते हुए हवाई रास्ते से आकर शादी करेंगीं
10 मई को क्या हुआ था
अनिल चौहान ने कहा- भारत के ऑपरेशन सिंदूर का 10 मई को तीसरा चरण था। इस दौरान एयरफोर्स ने चार फेज में हमला किया। हमने हमलों की शुरुआत सुबह 2.30 बजे की, इसके बाद हमने 4.30 बजे, फिर 10.30 बजे हमला किया। आखिरी फेज के तहत 12.45 पर हमला किया गया।
उन्होंने बताया- पाकिस्तान ने कुछ देशों से कहा था कि वे भारत को अगले 48 घंटे में सबक सिखाएंगे। इसकी शुरुआत दोपहर करीब 1 बजे (यानी पाकिस्तानी समयानुसार 1.30 बजे) होगी। लेकिन वे करीब साढ़े 8 घंटे के अंदर ही पीछे हट गए।

