ऑपरेशन सिंदूर के वक्त पाकिस्तान की मदद कर रहा था चीन: युद्ध के दौरान लाइव जानकारी दे रहा था; डिप्टी आर्मी चीफ का खुलासा
Published:
2 min read

भारत ने 7 मई को ऑपरेशन सिंदूर लॉन्च किया था।
नई दिल्ली में सेना के एक कार्यक्रम में आर्मी के डिप्टी चीफ लेफ्टिनेंट जनरल राहुल आर सिंह ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर से भारत को कहीं अहम बातें जानने और सीखने को मिलीं। लेफ्टिनेंट जनरल सिंह ने कहा कि हमें अपनी एयर डिफेंस सिस्टम को और मजबूत करने की जरूरत है। उन्होंने इस युद्ध में चीन की सक्रियता पर भी सवाल उठाया। जनरल सिंह ने बताया कि चीन बैकडोर से पाकिस्तान की मदद कर रहा था।
पाकिस्तान को लाइव जानकारी दे रहा था चीन
नई दिल्ली में 'न्यू एज मिलिट्री टेक्नोलॉजीज' कार्यक्रम में लेफ्टिनेंट जनरल सिंह ने कहा, ‘पाकिस्तान की 81% सैन्य तकनीक चीन की है। चीन पाकिस्तान को लाइव जानकारी दे रहा था। वो इसी बहाने हथियारों की टेस्टिंग भी कर रहा था। तुर्की ने भी पाकिस्तान को ड्रोन तकनीक देकर मदद की थी।’
एयर डिफेंस सिस्टम को और मजबूत करना होगा
जनरल सिंह ने आगे कहा कि इस बार हमारे शहरी इलाकों को निशाना नहीं बनाया गया, लेकिन अगली बार ऐसा हो सकता है। इसलिए हमें अपनी एयर डिफेंस को मजबूत करना होगा। उन्होंने बताया कि जब भारत और पाकिस्तान के बीच DGMO लेवल की बातचीत चल रही थी, तब चीन पाकिस्तान को भारत से जुड़ी अहम जानकारियां शेयर कर रहा था।
जनरल सिंह ने कहा कि अब भारत को हर तरह की जंग के लिए तैयार रहना होगा। वो चाहे ट्रेडिशनल वॉर, साइबर हमला या नई तकनीकों से जुड़ी जंग हो। सेना को अब तुरंत और सटीक जवाब देने के लिए तैयार रहना चाहिए।
भारत ने पाक से सैन्य ठिकानों को पहुंचाया था नुकसान
7 मई को भारत ने पाक अधिकृत कश्मीर (POK) और पाकिस्तान में स्थित 9 आतंकी ठिकानों पर हमला कर दिया। यह हमला 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए टेरर अटैक का बदला था। इस हमले में जैश ए मोहम्मद का सरगना मसूद अजहर के परिवार के कई सदस्य और साथी मारे गए। 100 से ज्यादा आतंकी ढेर हुए।
जवाब में पाकिस्तान ने भी भारत पर हमला किया, लेकिन हमारी एयर डिफेंस सिस्टम ने उन्हें नाकाम कर दिया। इसके बाद भारत ने 9 मई को पाकिस्तान के कई सैन्य ठिकानों पर मिसाइलें दागीं। इससे पाकिस्तान के सैन्य संसाधनों को बहुत नुकसान हुआ। 10 मई को दोनों देशों के बीच सीजफायर हो गया।

