संसद में 29 जुलाई को ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा: बहस के लिए 16 घंटे का समय तय, पीएम मोदी-अमित शाह; राजनाथ सिंह देंगे जवाब
Published:
2 min read

संसद का मानसून सत्र 21 अगस्त तक चलेगा।
संसद में 29 जुलाई यानी मंगलवार को ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा होगी। दोनों सदनों में चर्चा के लिए 16 घंटे का समय तय किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस चर्चा में हिस्सा लेंगे।
संसद का मानसून सत्र चल रहा है। विपक्ष लगातार ऑपरेशन सिंदूर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के भारत-पाकिस्तान के बीच सीजफायर कराने के दावे पर चर्चा की मांग कर रहा है। विपक्ष की मांग है कि इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जवाब देना चाहिए।
पीएम मोदी-शाह और राजनाथ सिंह देंगे जवाब
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, राज्यसभा की बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बुधवार को हुई बैठक में 29 जुलाई को ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा कराना तय हुआ है। विपक्ष के सवालों पर पीएम मोदी, अमित शाह और राजनाथ सिंह जवाब दे सकते हैं।
उधर, अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रम्प लगातार दावा कर रहे हैं कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर कराया। इसे लेकर विपक्ष लगातार मोदी सरकार पर निशाना साध रहा है। बुधवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने ऑपरेशन सिंदूर और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के सीजफायर के दावे को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा।
दाल में कुछ तो काला है- राहुल गांधी
संसद परिसर में मीडिया से बातचीत में राहुल गांधी ने कहा, भारत के पीएम एक बयान नहीं दे पा रहे हैं। ट्रम्प ने 25 बार बोला कि मैंने सीजफायर कराया है। वे कौन होते हैं सीजफायर कराने वाले। लेकिन पीएम मोदी ने एक बार बयान नहीं दिया। इस पर सदन में चर्चा तो होगी। राहुल ने कहा, उन्होंने (सरकार) कहा है कि पीएम मोदी के विदेश दौरे से लौटने के बाद चर्चा होगी। लेकिन पीएम का जवाब चल रहा है। आप कह रहे हैं कि ऑपरेशन सिंदूर जारी है और दूसरी तरफ कह रहे हैं कि विक्ट्री हो गई। ये कैसे हो सकता है कि ऑपरेशन जारी है और जीत हो गई। उधर, ट्रम्प कह रहे हैं कि मैंने ऑपरेशन सिंदूर बंद किया। दाल में कुछ तो काला है। इन्होंने हमारी विदेश नीति की धज्जियां उड़ा दीं।

