विपक्ष पर भड़के लोकसभा स्पीकर ओम बिरला: कहा- जितनी जोर से चिल्ला रहे, उतनी जोर से सवाल पूछते..तो देश का कल्याण हो जाता
Published:
2 min read

सोमवार को लोकसभा की कार्यवाही के दौरान स्पीकर ओम बिरला विपक्षी सांसदों पर भड़क गए। उन्होंने कहा कि जितना जोर लगाकर आप यहां शोर मचा रहे हैं, अगर उतनी जोर से सवाल पूछते तो देश का कल्याण हो जाता।
दरअसल, विपक्षी सांसद बिहार वोटर लिस्ट रिवीजन को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। वे स्पीकर के सामने प्लेकार्ड लेकर प्रोटेस्ट कर रहे थे। इस पर ओम बिरला ने कहा कि अगर आपने सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कि तो मुझे कड़े फैसले लेने पड़ेंगे।
प्लेकार्ड दिखाकर चिल्लाने लगे सांसद
21 अगस्त को संसद का मानसून सत्र खत्म हो जाएगा। विपक्ष बिहार में जारी वोटर लिस्ट रिवीजन को लेकर बहस चाहता है। विपक्ष का आरोप है कि बीजेपी और इलेक्शन कमीशन साथ मिलकर वोट फ्रॉड कर रहे।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव भी ला सकता है। आज इसी क्रम में संसद के दोनों सदनों में जमकर हंगामा हुआ। खासतौर पर लोकसभा में काफी ज्यादा नारेबाजी हुई। विपक्षी सांसद स्पीकर की चेयर के सामने जाकर प्लेकार्ड दिखाने लगे और जोर-जोर से नारेबाजी करने लगे।

सरकारी प्रॉपर्टी को नुकसान पहुंचाया तो नतीजे भुगतने होंगे
ओम बिरला ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा- ये प्रश्नकाल है। जितनी जोर से आप नारेबाजी कर रहे हैं, अगर उतनी जोर से सवाल पूछ लेते तो देश का कल्याण हो जाता। आपको जनता ने यहां सरकारी संपत्ति तोड़ने के लिए नहीं भेजा है। किसी भी सदस्य को ये अधिकार नहीं है कि वो सरकारी संपत्ति तोड़े। मैं आपको चेतावनी देता हूं कि अगर आपने ऐसा किया तो नतीजे भुगतने होंगे।
इससे जुड़ी ये खबर भी पढ़ें..
वोट चोरी पर सियासी घमासान: मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव लाने की तैयारी में विपक्ष

