नोएडा में AC ब्लास्ट से स्लीपर बस में लगी आग: 9 की मौत; यात्रियों का दावा- स्मोक कर रहा था ड्राइवर, जलने की गंध के बावजूद बस नहीं रोकी
Published:
3 min read

बस दिल्ली से यूपी के महोबा जा रही थी। बस में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास आग लग गई।
नेशनल डेस्क. उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में बुधवार रात को यमुना एक्सप्रेस पर स्लीपर बस में आग लग गई। हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई। इनमें एक महिला भी शामिल है। बस में 30-35 लोग सवार थे।
बताया जा रहा है कि AC में ब्लास्ट के बाद बस में आग लगी और कुछ ही मिनटों में पूरी बस में आग फैल गई। इसके चलते पूरी बस में धुआं भर गया और निकलने के लिए लोग इधर उधर भागने लगे। कुछ लोगों ने अपनी जान बचाने के लिए चलती बस से छलांग लगा दी।
बस दिल्ली से यूपी के महोबा जा रही थी। रात करीब 11.30 बजे बस में आग लग गई। सूचना पाकर पहुंची फायर डिपार्टमेंट टीम ने आग पर काबू पाया। पुलिस ने बस के ड्राइवर पवन और कंडक्टर योगेश को हिरासत में ले लिया है। बस का मालिक मध्य प्रदेश का रहने वाला है।
'सिगरेट पी रहा था ड्राइवर, जलने की गंध के बावजूद बस नहीं रोकी'
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, सुनील कुमार के यात्री ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि BR32PA8647 नंबर की बस नोएडा-आगरा रूट पर थी। तभी उसमें आग लग गई। यात्रियों ने महसूस किया कि ड्राइवर के केबिन से जलने की बदबू आ रही है।
सुनील कुमार की शिकायत के मुताबिक, कुछ यात्रियों ने ड्राइवर और कंडक्टर को जलने की बदबू के बारे में बताया। FIR में कहा गया है कि ड्राइवर ने कहा कि इस तरह की जलने की बदबू बस में आम है। शिकायत में कहा गया है कि ड्राइवर ने बस रोककर समस्या नहीं देखी और ड्राइवर और कंडक्टर केबिन में स्मोकिंग करते रहे। इसके थोड़ी देर बाद ही ड्राइवर की सीट के पास आग लग गई।
आग लगने के बाद भागे ड्राइवर-कंडक्टर
यात्री चिल्लाने लगे और ड्राइवर से बस रोकने के लिए कहने लगे। FIR में आरोप लगाया गया है कि ड्राइवर और कंडक्टर ने यात्रियों के बार-बार अनुरोध करने के बावजूद बस रोकने से इनकार कर दिया और उन्हें धमकाया। तब तक आग तेजी से बस में फैल चुकी थी और बस में धुआं भर गया था।
बस में आग लगने के बाद ड्राइवर और कंडक्टर मौके से भाग गए। मौके पर मौजूद लोगों ने यात्रियों को बचाने की कोशिश की और उन्हें बाहर निकाला। कुछ लोगों ने बस के शीशे तोड़कर भी बाहर निकलने की कोशिश की।
यात्रियों ने क्या बताया
दिल्ली से महोबा की यात्रा कर रहे एक यात्री ने बताया कि वह सो रहे थे, तभी किसी ने आग की जानकारी देकर उन्हें जगाया। हम भागकर बाहर निकले। यात्री ने बताया कि बस में धुआं भर गया था और निकलने की जगह भी नहीं बची थी। घबराहट में हम किसी तरह बाहर निकलने में कामयाब रहे।
CM योगी ने पीड़ित परिवारों से की बात
सीएम योगी ने हादसे पर संज्ञान लिया और दुख जताया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि घायलों के इलाज की उचित व्यवस्था की जाए। उन्होंने पीड़ित परिवारों से भी बात की। साथ ही मृतकों के परिवारों को 2-2 लाख रुपए घायलों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक मदद का ऐलान किया।

