निक्की भाटी मर्डर केस में ट्विस्ट: डॉक्टर का दावा- पीड़िता ने मौत से पहले घर में सिलेंडर ब्लास्ट में जलने की बात कही थी
Published:
2 min read

निक्की की 21 अगस्त को मौत हो गई थी। परिजनों का आरोप है, दहेज के लिए पति और ससुराल के लोगों ने उसे जलाकर मार डाला।
नोएडा के दहेज हत्या केस में नया ट्विस्ट आया है। पीड़िता निक्की भाटी ने मौत से पहले डॉक्टरों से कहा था कि वह अपने ससुराल में सिलेंडर ब्लास्ट से जली है। इसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हॉस्पिटल के एक डॉक्टर और एक नर्स ने बताया कि 21 अगस्त को जब निक्की को अस्पताल लाया गया था, तब वह बोलने की स्थिति में थी।
NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, हॉस्पिटल के बाहर लगा सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसमें देखा जा सकता है कि निक्की की सास, ससुर और पड़ोसी उसे कार से बाहर निकाल रहे हैं। निक्की की बहन का पति भी उस समय वहां मौजूद था।
घर से सिलेंडर ब्लास्ट के सबूत नहीं मिले- पुलिस
पुलिस का कहना है कि निक्की की ससुराल से सिलेंडर ब्लास्ट के कोई सबूत नहीं मिले हैं। ऐसे में अब यह जांच की जा रही है कि उसके ससुरालवालों ने उस पर ऐसा बयान देने के लिए दबाव तो नहीं डाला। पुलिस के मुताबिक, फॉरेंसिक जांच की रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आएगी।
निक्की की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता चलता है कि उसकी मौत 80 प्रतिशत जलने की वजह से हुई। निक्की की बहन, जिसकी शादी उसके जेठ रोहित से हुई है, उसने भी बयान दिया था कि निक्की को उसके पति विपिन और ससुरालवालों ने जलाया था।
दहेज के लिए टॉर्चर करता था पूरा परिवार
निक्की की मौत के बाद कुछ वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। एक में विपिन और उसकी मां निक्की के साथ मारपीट करते दिख रहे हैं। इसमें विपिन के हाथ में खून भी दिख रहा है। वहीं, दूसरे वीडियो में निक्की आग में जलती हुए सीड़ियों से नीचे उतरती दिख रही है। इसके बाद वह जमीन पर बैठ जाती है। इसमें भी उसका पूरा शरीर जला हुए दिख रहा है।
इसके बाद निक्की को अस्पताल ले जाया गया था, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। निक्की की बहन ने आरोप लगाया था कि उसे और निक्की को दहेज के लिए टॉर्चर किया जाता था और उनके ससुरालवाले 36 लाख रुपये की डिमांड कर रहे थे। निक्की की बहन की शिकायत पर पुलिस ने विपिन, रोहित (निक्की का जेठ), सास और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है।

