गडकरी बोले- मेरे खिलाफ पेड कैंपेन जारी: फ्यूल में एथेनॉल मिलाने को लेकर टारगेट किए जाने पर कहा- E20 पेट्रोल सेफ, अफवाहों पर ध्यान न दें
Published:
2 min read

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने गुरुवार को दिल्ली में 65वें SIAM कन्वेंशन में E20 पेट्रोल को सुरक्षित फ्यूल बताया। (इमेज क्रेडिट- सोशल मीडिया)
नेशनल डेस्क। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी गुरुवार को दिल्ली में 65वें SIAM कन्वेंशन में शामिल हुए। यहां गडकरी ने E20 पेट्रोल को लेकर लोगों की चिंताओं और खुद पर लग रहे आरोपों का जवाब दिया। कहा- E20 पेट्रोल में 20% एथेनॉल मिलाया जाता है। यह कोई चिंता की बात नहीं है। यह एकदम सुरक्षित ईंधन है। रेगुलेटर्स और ऑटोमोबाइल कंपनियों ने भी इसे सेफ फ्यूल ऑप्शन बताया है। सुप्रीम कोर्ट भी पेट्रोल में एथेनॉल मिलाने की मंजूरी दे चुका है।
सोशल मीडिया पर किया जा रहा ट्रोल
साेशल मीडिया पर E20 पेट्रोल को लेकर लोग गडकरी की ट्रोल कर रहे थे। दावा किया जा रहा था कि E20 पेट्रोल कार के लिए सेफ नहीं है। इस पर गडकरी ने कहा- सोशल मीडिया पर मेरे खिलाफ पेड कैंपेन चालाया जा रहा है। सरकार के एथेनॉल मिले ईंधन रोलआउट के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हो रहा है। सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (SIAM) और ऑटोमोटिव रिसर्च एसोसिएशन ऑफ इंडिया (ARAI) E20 को सपोर्ट कर रहे हैं।
किस तरह के आरोप लगे
गडकरी को बीते कुछ हफ्तों से एथेनॉल वाले फ्यूल को लेकर ट्रोल किया जा रहा है। कुछ लोगों का दावा है कि यह फ्यूल माइलेज को कम करता है, पुराने वाहनों को नुकसान पहुंचाता है। गाड़ियां हाई एथेनॉल मिले फ्यूल के लिए नहीं बनी हैं। इंडस्ट्री एक्सपर्ट और कुछ सर्विस गैरेज ने भी 2023 से पहले के मॉडल के मालिकों की शिकायतों की जानकारी दी थी। लेकिन गडकरी लगातार इसकी क्वॉलिटी और फायदों को बताते रहे हैं।

