आर्मी चीफ बोले- अगली जंग जल्द हो सकती है: इस बार सैनिक ही नहीं, पूरे देश को साथ आना पड़ेगा
Published:
3 min read

जनरल उपेंद्र द्विवेदी। फाइल फोटो।
आर्मी चीफ जनरल उपेंद्र द्विवेदी का कहना है कि अगली जंग जल्द हो सकती है। इसके लिए पूरे देश को तैयार रहना होगा। आर्मी चीफ का कहना है कि इस बार जो जंग होगी, उसे सिर्फ सैनिक नहीं लड़ेंगे, बल्कि पूरे देश को साथ आना पड़ेगा। ये बातें जनरल द्विवेदी ने IIT मद्रास के एक कार्यक्रम में कहीं।
पाकिस्तानी खुद को जीता हुआ ही बताएंगे
जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने पाकिस्तान के उस नैरेटिव पर भी बात की, जिसमें वे हाल ही में हुए भारत-पाक जंग में खुद को जीता हुआ बताते आ रहे। जनरल द्विवेदी ने कहा- अगर आप किसी पाकिस्तानी से पूछेंगे कि तुम जंग जीते या हारे। वो तो यही कहेंगे कि हमारे आर्मी चीफ को फील्ड मार्शल बना दिया गया, इसलिए जीते तो हम ही होंगे। ये सब नैरेटिव का खेल है।

जनरल द्विवेदी ने कहा कि बॉर्डर वालों इलाकों में कम्युनिटी बंकर से लेकर एडवांस ड्रोन सहित कई प्रोजेक्ट्स इंडियन इंस्टीट्यूशन के साथ मिलकर तैयार किए जा रहे हैं।
भारत ने पाक के 6 एयरक्राफ्ट तबाह कर दिए
इससे पहले शनिवार को एयर चीफ मार्शल अमरप्रीत सिंह ने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान इंडिया ने पाकिस्तान के 6 एयरक्राफ्ट तबाह कर दिए। उन्होंने बेंगलुरु में एक इवेंट में कहा कि हमारे एयर डिफेंस सिस्टम S-400 ने 300 किलोमीटर दूर से ही पाकिस्तानी एयरक्राफ्ट तबाह कर दिए।
वायुसेना प्रमुख ने कहा कि रूस से S-400 खरीदना गेम चेंजर साबित हुआ। इसकी वजह से दुश्मन हमारे डिफेंस सिस्टम को भेद ही नहीं पाया। उन्हें घुसने का मौका ही नहीं मिला।ऐसा पहली बार है कि इंडियन एयरफोर्स के किसी बड़े अधिकारी ने पाकिस्तानी जेट्स को मार गिराए जाने की पुष्टि की है।
80-90 घंटे के अंदर दुश्मन घुटनों पर
वायुसेना प्रमुख ने कहा कि ये एक हाईटेक वॉर था। हमने 80-90 घंटे की लड़ाई में ही इतना नुकसान पहुंचा दिया कि उन्हें समझ आ गया कि अगर जंग जारी रखी, तो हालत और बुरी होगी। इस वजह से वे खुद आगे आए और बातचीत के लिए हमारे DGMO को संदेश भेजा। हमने उनकी बात मान ली।
पहलगाम हमले के बाद भारत ने लॉन्च किया ऑपरेशन सिंदूर
22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में बैसरन घाटी में पाकिस्तान से आए आतंकियों ने हमला कर दिया। आतंकियों ने टूरिस्ट्स से धर्म पूछकर गोलियां मारी थीं। इस हमले में 26 लोगों की जान चली गई। हमले की जिम्मेदारी लश्कर ए तैयबा के ही एक ग्रुप TRF ने ली थी।
इसके जवाब में 7 मई को भारत ने 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत पाक अधिकृत कश्मीर (POK) और पाकिस्तान में स्थित 9 आतंकी ठिकानों पर हमला कर दिया। इस हमले में जैश ए मोहम्मद का सरगना मसूद अजहर के परिवार के कई सदस्य और साथी मारे गए। 100 से ज्यादा आतंकी ढेर हुए।
जवाब में पाकिस्तान ने भी भारत पर हमला किया, लेकिन उन्हें नाकाम कर दिया गया। इसके बाद भारत ने 9 मई को पाकिस्तान के कई सैन्य ठिकानों पर मिसाइलें दागीं। इससे पाकिस्तान के सैन्य संसाधनों को बहुत नुकसान हुआ। 10 मई को दोनों देशों के बीच सीजफायर हो गया। पूरी खबर पढ़ें..

