LOC के पास 2 आतंकी ढेर: घुसपैठ की कोशिश नाकाम; आर्मी और पुलिस का जॉइंट ऑपरेशन
Published:
2 min read

पहलगाम हमले के बाद से ही सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस वॉर मोड में है। सिंबोलिक इमेज।
नेशनल डेस्क: जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा के गुरेज के पास गुरुवार को सेना और पुलिस ने जॉइंट ऑपरेशन में 2 आतंकियों को ढेर कर दिया। ये दोनों आतंकी LOC पार करने की कोशिश कर रहे थे। खबर है कि अभी 5 घुसपैठिए यहां छिपे हो सकते हैं।
सुरक्षा एजेंसियों को पहले से इनपुट मिला था कि कुछ आतंकी चोरी-छिपे भारत में घुसने की योजना बना रहे हैं। उसी सूचना के आधार पर सुरक्षाबलों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया। इसके बाद एनकाउंटर में दोनों आतंकियों को मार गिराया।

तीन बड़े ऑपरेशन, पहलगाम के गुनहगार भी मारे गए
पहलगाम टेरर अटैक के बाद से ही सिक्योरिटी फोर्सेज का जम्मूृ-कश्मीर में बड़े लेवल पर सर्च ऑपरेशन जारी है। अप्रैल से लेकर अब तक तीन बड़े ऑपरेशन चलाए जा चुके हैं। इनमें अब तक लगभग 2 दर्जन आतंकी मारे जा चुके हैं। 28 जुलाई को ऑपरेशन महादेव के तहत सेना ने पहलगाम के गुनहगारों को भी मार गिराया था।
लोगों से धर्म पूछकर गोलियां मारीं
22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में बैसरन घाटी में पाकिस्तान से आए आतंकियों ने हमला कर दिया। आतंकियों ने टूरिस्ट्स से धर्म पूछकर गोलियां मारी थीं। इस हमले में 26 लोगों की जान चली गई। हमले की जिम्मेदारी लश्कर ए तैयबा के ही एक ग्रुप TRF ने ली थी।
इसके जवाब में 7 मई को भारत ने 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत पाक के कब्जे वाले कश्मीर (POK) और पाकिस्तान में स्थित 9 आतंकी ठिकानों पर हमला कर दिया। इस हमले में जैश ए मोहम्मद का सरगना मसूद अजहर के परिवार के कई सदस्य और साथी मारे गए। 100 से ज्यादा आतंकी ढेर हुए।
जवाब में पाकिस्तान ने भी भारत पर हमला किया, लेकिन उन्हें नाकाम कर दिया गया। इसके बाद भारत ने 9 मई को पाकिस्तान के कई सैन्य ठिकानों पर मिसाइलें दागीं। इससे पाकिस्तान के सैन्य संसाधनों को बहुत नुकसान हुआ। 10 मई को दोनों देशों के बीच सीजफायर हो गया।

