सरकारी अस्पताल में बच्चा हुआ तो सोने की अंगूठी: तमिलनाडु CM विजय ने चुनावी वादा पूरा किया, 25 नवजातों को गोल्ड रिंग पहनाई
Published:
3 min read

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने मदुरै के सरकारी राजाजी अस्पताल में नवजात बच्चों को सोने की अंगूठियां देकर योजना की शुरुआत की।
नेशनल डेस्क। तमिलनाडु की विजय सरकार ने ‘थाईमामन थंगा मोथिरम थिट्टम’ नाम से एक नई योजना शुरू की है। इसके तहत सरकारी अस्पताल में पैदा होने वाले हर नवजात को 1 ग्राम की 22 कैरेट सोने की अंगूठी दी जाएगी। मुख्यमंत्री विजय ने सोमवार (28 सितंबर) को मदुरै के सरकारी राजाजी अस्पताल (GRH) में इस योजना के तहत पहली अंगुठी बांटी। योजना की शुरुआत के मौके पर मुख्यमंत्री अस्पताल के मैटरनिटी वार्ड में पहुंचे और उस दिन पैदा हुए करीब 25 बच्चों को अंगूठियां पहनाईं।
सालाना 755.83 करोड़ रुपए का बजट
तमिलनाडु सरकार ने इस योजना के लिए हर साल 755.83 करोड़ रुपए का बजट रखा है। पहले चरण में 1.28 लाख सोने की अंगूठियां तैयार की गई हैं। सरकार के मुताबिक, हर अंगूठी पर एक अलग सीरियल नंबर होगा और इन्हें सुरक्षित पैकेट में रखा जाएगा। यह योजना पूरे तमिलनाडु में लागू होगी।
सरकार का कहना है कि सोने की अंगूठी देने का मकसद लोगों का सरकारी अस्पतालों और सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं पर भरोसा बढ़ाना और अस्पतालों में सुरक्षित डिलीवरी को बढ़ावा देना है। योजना का फायदा लेने के लिए कुछ शर्तें भी रखी गई हैं, जैसे...
- बच्चे का जन्म सरकारी अस्पताल में होना चाहिए।
- बच्चे की मां तमिलनाडु की स्थायी निवासी होनी चाहिए।
- मां का PICME (Pregnancy and Infant Cohort Monitoring and Evaluation) सिस्टम में रजिस्ट्रेशन होना जरूरी है।
- मां के पास RCH ID होना चाहिए।

हर जिले में मॉनिटरिंग कमिटी
योजना में अंगूठियों की खरीद और बांटे जाने पर नजर रखने के लिए हर जिले में एक मॉनिटरिंग कमिटी बनाई गई है। इसकी अध्यक्षता संबंधित जिले के कलेक्टर करेंगे। समिति अंगूठियों का स्टॉक, वितरण और पूरी प्रोसेस की निगरानी करेगी। सरकार ने अंगूठियों की सप्लाई के लिए जोयालुक्कास और कल्याण ज्वेलर्स को वर्क ऑर्डर दिया है।
इस योजना को पूर्व मुख्यमंत्री सीएन अन्नादुरई की जयंती के दिन यानी 15 सितंबर को लॉन्च किया जाना था। लेकिन मुख्यमंत्री विजय के लंदन दौरे पर होने के कारण लॉन्चिंग टाल दी गई। योजना को लागू करने के लिए तमिलनाडु सरकार ने 23 जून 2026 को सरकारी आदेश (GO) जारी किया था। यह योजना सत्तारूढ़ TVK के प्रमुख चुनावी वादों में शामिल रही है।
यह भी पढ़ें...

