मानसून सत्र: ऑपरेशन सिंदूर पर संसद में अगले हफ्ते चर्चा होगी, डिबेट के लिए लोकसभा में 16 घंटे और राज्यसभा में 9 घंटे तय
Published:
3 min read

संसद का मानसून सत्र 21 अगस्त तक चलेगा।
संसद का मानसून सत्र सोमवार से शुरू हो गया। सत्र का पहला दिन हंगामेदार रहा। विपक्ष ने सदन में ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा की मांग की। संसद की बिजनेस एडवाइजरी कमेटी ने इसे स्वीकार कर लिया है। अगले हफ्ते दोनों सदनों में ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा होगी।
दरअसल, विपक्ष इसी हफ्ते सदन में ऑपरेशन सिंदूर और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के भारत पाकिस्तान के बीच सीजफायर कराने के दावे पर चर्चा की मांग कर रहा है। विपक्ष की मांग है कि इसपर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जवाब दें। सदन शुरू होते ही कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इस मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कहा, अप्रैल में पहलगाम हमला हुआ था। लेकिन इसमें शामिल आतंकी न पकड़े गए न मारे गए। उन्होंने ट्रम्प के 24 बार सीजफायर कराने का दावे का भी जिक्र किया।
लोकसभा में 16 और राज्यसभा में 9 घंटे होगी चर्चा
PM मोदी को इस हफ्ते विदेश दौरे पर जाना हैं। ऐसे में बिजनेस एडवाइजरी कमेटी ने ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा के लिए अगले हफ्ते का समय तय किया है। लोकसभा में इस मुद्दे पर 16 घंटे और राज्यसभा में 9 घंटे की चर्चा होगी।
जम्मू कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों ने 22 अप्रैल को हमला किया था। इस हमले में 26 पर्यटक मारे गए थे। इसके जवाब में भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान और पीओके में स्थित 9 आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया था। इसके बाद बौखलाए पाकिस्तान ने भारत के सैन्य और रिहायसी इलाकों को निशाना बनाते हुए मिसाइलें और ड्रोन दागे थे। भारत ने इन सभी हमलों को नाकाम कर दिया था और इसके जवाब में पाकिस्तान के कई एयरबेसों को निशाना बनाया था।
पहलगाम हमले पर सरकार को घेरना चाहता है विपक्ष
मानसून सत्र से पहले विपक्षी दलों ने बैठक बुलाई थी। इस वर्चुअली बैठक में 24 पार्टियों के नेता शामिल हुए थे। बैठक में पहलगाम हमला, बिहार में वोटर संशोधन समेत 8 मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति बनी थी। उधर, ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा के लिए सरकार भी तैयार है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने राज्यसभा में खड़गे के सवालों के जवाब में कहा कि सरकार ऑपरेशन सिंदूर पर विस्तृत चर्चा के लिए तैयार है।
PM मोदी ने भारतीय सेना की तारीफ की
मानसून सत्र शुरु होने से पहले पीएम मोदी ने मीडिया को संबोधित करते हुए ऑपरेशन सिंदूर को राष्ट्र के लिए विजय उत्सव बताया। उन्होंने भारतीय सेनाओं की तारीफ की और इसे भारतीय सशस्त्र बलों की ताकत और सटीकता का एक बेहतर प्रमाण बताया। उन्होंने कहा, ऑपरेशन सिंदूर का उद्देश्य 100 प्रतिशत सफल रहा। सशस्त्र बलों ने मात्र 22 मिनट में आतंकवादियों को उनके ही ठिकानों में ढेर कर दिया।

