नेपाल हिंसा में गाजियाबाद की महिला की मौत: होटल हयात में पति के साथ ठहरी थी, उपद्रवियों ने लगाई आग
Published:
2 min read

मृतिका राजेश गोला
नेशनल डेस्क. नेपाल की राजधानी काठमांडू में 9 सितंबर मंगलवार को हिंसा के दौरान भारतीय महिला राजेश गोला की भी मौत हो गई। राजेश अपने पति के साथ नेपाल घूमने गई थीं। दोनों काठमांडू के होटल हयात में रुकी थीं, तभी उपद्रवियों ने होटल को आग के हवाले कर दिया।
रेस्क्यू के दौरान गई जान
होटल में आग लगने के बाद सेना वहां फंसे पर्यटकों को निकालने के लिए पहुंची। जवानों ने होटल में फंसे पर्यटकों को रस्सियों से बाहर निकालने की कोशिश की। इस दौरान राजेश रस्सी नहीं पकड़ पाई और फिसल कर गिरने से उनकी मौत हो गई।
दो दिनों से अस्पताल में शव, नहीं हुआ पोस्टमार्टम
मृतिका के परिजनों ने बताया कि दो दिनों से शव अस्पताल में है और अब तक पोस्टमार्टम नहीं हुआ। उनके बेटे ने मीडिया से बातचीत में कहा- हम एम्बेसी के संपर्क में हैं। उम्मीद है कि जल्द शव मिल जाएगा, इसके बाद सड़क के रास्ते भारत जाएंगे। कल तक गाजियाबाद पहुंचने की संभावनाएं हैं। दूसरी ओर मृतक के घर गाजियाबाद में परिवार और पड़ोसी मृतक के शव के आने का इंतजार कर रहे हैं।
सोशल मीडिया बैन होने पर भड़की हिंसा
दरअसल, नेपाल में 8 सितंबर सोमवार को भ्रष्टाचार और सोशल मीडिया बैन को लेकर बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन शुरू हुआ था। देखते ही देखते यह प्रदर्शन हिंसक हो गया। कुछ प्रदर्शनकारियों ने संसद भवन पर भी हमला किया जिसके बाद पुलिस को मजबूर होकर फायरिंग करनी पड़ी थी। अब तक नेपाल हिंसा में 50 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।

