नेपाल का दावा- 3 पाकिस्तानी मलेशिया भागे: बिहार पुलिस ने आतंकियों के बिहार में घुसने की बात कही थी; लेकिन वे भारत आए या नहीं, यह अभी साफ नहीं
Published:
3 min read

भारतीय सुरक्षा एजेंसियों ने तीनों आतंकियों की तस्वीर जारी की थी।
नेपाल के रास्ते बिहार में जैश-ए-मोहम्मद के 3 आतंकियों के घुसने के मामले में नेपाल ने बड़ा दावा किया है। नेपाल ने कहा कि जैश-ए-मोहम्मद के 3 आतंकी काठमांडू से मलेशिया निकल चुके हैं। दरअसल, नेपाल पुलिस ने एक दिन पहले कहा था कि जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े आतंकी नेपाल के रास्ते बिहार में घुसे हैं। हालांकि नेपाल के दावे के बाद अभी सुरक्षा एजेंसियों की तरफ से कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
गुरुवार को बिहार पुलिस ने स्टेटमेंट जारी किया था। तीन आतंकियों के नाम, फोटो और पासपोर्ट डिटेल्स शेयर किए थे। बिहार पुलिस का आरोप है कि तीनों पाकिस्तान के नागरिक हैं और वे नेपाल बॉर्डर से बीरगंज के रास्ते बिहार में घुसे।
नेपाल ऑथोरिटी के मुताबिक, हसनैन अली और आदिल हुसैन मलेशियाई एयरलाइंस की फ्लाइट MH 115 से 15 अगस्त की रात मलेशिया निकले थे। मोहम्मद उस्मान 24 अगस्त को नेपाल एयरलाइंस की फ्लाइट RA 415 से मलेशिया गया था। हालांकि नेपाल पुलिस ने यह स्पष्ट नही किया कि नेपाल विजिट के दौरान पाकिस्तानी नागरिक भारत आए थे या नहीं। वहीं अभी तक भारतीय सुरक्षा एजेंसियों से उनकी गतिविधियों के संबंध में कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
नेपाल का दावा 3 पाकिस्तानी मलेशिया भागे
नेपाल पुलिस, इमिग्रेशन डिपार्टमेंट और काठमांडू एयरपोर्ट ऑथोरिटी ने दावा किया है कि 3 पाकिस्तान नागरिक काठमांडू से अलग-अलग फ्लाइट से कुआलालंपुर गए हैं। पुलिस ने तीनों आतंकियों के नाम-पते और पासपोर्ट डिटेल्स पब्लिक की थी। सुरक्षा एजेंसियों ने शक जताया था कि ये आतंकी बिहार या देश के किसी हिस्से में बड़ी वारदात की साजिश रच सकते हैं। इसी इनपुट के आधार पर नेपाल ऑथिरिटी का बयान आया है।
बता दें कि बिहार में साल के अंत में विधानसभा चुनाव है। इसको लेकर बिहार पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों में अलर्ट जारी किया। बिहार पुलिस मुख्यालय के मुताबिक आतंकियों अगस्त के तीसरे हफ्ते में बिहार में घुसे। इससे पहले वे दूसरे हफ्ते में काठमांडू पहुंचे थे।
कौन हैं बिहार में घुसने वाले आतंकी
जिन तीन आतंकियों की एंट्री की पुष्टि हुई है उनमें पहला, पाकिस्तान के रावलपिंडी का रहने वाला हसनैन अली है। दूसरा आतंकी आदिल हुसैन उमरकोट का निवासी है। तीसरा आतंकी मोहम्मद उस्मान है, जो बहावलपुर का है। तीनों जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े बताए जा रहे हैं। पुलिस मुख्यालय ने इनकी तस्वीरें और पहचान पत्र भी जारी कर दिए हैं ताकि आम लोग पहचान कर सकें।
बॉर्डर से सटे जिलों में बढ़ी चौकसी
सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। मुख्यालय ने सभी जिलों को अलर्ट कर दिया है। खासकर बॉर्डर से जुड़े सीतामढ़ी, मधुबनी, पश्चिम चंपारण, अररिया, किशनगंज और सुपौल पर ज्यादा चौकसी का आदेश दिया गया है। इसके अलावा भागलपुर और दूसरे जिलों में भी सतर्कता बढ़ाई गई है। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, होटल और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सख्त चेकिंग शुरू की गई है।

