ऑपरेशन सिंदूर- भारत ने पाक के 6 एयरक्राफ्ट गिराए: वायुसेना प्रमुख ने पहली बार कन्फर्म किया; कहा- सरकार ने हमले की पूरी छूट दी
Published:
3 min read

एयरचीफ मार्शल अमरप्रीत सिंह ने ऑफिशियली कन्फर्म कर दिया है कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान के 5 फाइटर जेट और 1 एयरक्राफ्ट गिराए गए थे।
एयर चीफ मार्शल अमरप्रीत सिंह ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत ने पाकिस्तान के 5 फाइटर जेट और 1 एयरक्राफ्ट गिरा दिए। उन्होंने बेंगलुरु में एक इवेंट में कहा कि हमारे एयर डिफेंस सिस्टम S-400 ने 300 किलोमीटर दूर से ही पाकिस्तानी एयरक्राफ्ट तबाह कर दिए।
वायुसेना प्रमुख ने कहा कि रूस से S-400 खरीदना गेम चेंजर साबित हुआ। इसकी वजह से दुश्मन हमारे डिफेंस सिस्टम को भेद ही नहीं पाया। उन्हें घुसने का मौका ही नहीं मिला।
ऐसा पहली बार है कि इंडियन एयरफोर्स के किसी बड़े अधिकारी ने पाकिस्तानी जेट्स को मार गिराए जाने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा- हमने पाकिस्तान के कम से कम 5 फाइटर जेट्स और एक एयरक्राफ्ट को मार गिराया।
सरकार की तरफ से मिली थी पूरी छूट
अमरप्रीत सिंह ने कहा, 'हमारे ऊपर किसी तरह का कोई दवाब नहीं था। हमें सरकार की तरफ से क्लियर बता गया था कि जो भी करना चाहें, आपके ऊपर है। हमारे पास हमले को एग्जीक्यूट करने की पूरी आजादी थी। पॉलिटिकल विल की वजह से ही हम अपने काम में सफल हुए। ऑपरेशन को सफल बनाने में CDS अनिल चौहान का बहुत बड़ा रोल था। उन्होंने तीनों सेनाओं में कोऑर्डिनेशन बनाए रखा। NSA अजीत डोभाल ने भी बड़ी भूमिका निभाई।'

पाकिस्तान ने फाइटर जेट भिजवाए थे
अमरप्रीत सिंह ने कहा कि पाकिस्तान ने भारत की तरफ से हमला रोकने के लिए अपने फाइटर जेट भिजवाए थे। IAF ने जवाबी कार्रवाई में उनके जेट्स गिरा दिए। पाकिस्तान एयरफोर्स पूरे दमखम के साथ मॉर्डन जेट्स और वीपेन्स के साथ आई थी, लेकिन हमारे एयर डिफेंस ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया।
80-90 घंटे के अंदर दुश्मन घुटनों पर
वायुसेना प्रमुख ने कहा कि ये एक हाईटेक वॉर था। हमने 80-90 घंटे की लड़ाई में ही इतना नुकसान पहुंचा दिया कि उन्हें समझ आ गया कि अगर जंग जारी रखी, तो हालत और बुरी होगी। इस वजह से वे खुद आगे आए और बातचीत के लिए हमारे DGMO को संदेश भेजा। हमने उनकी बात मान ली।
पहलगाम हमले के बाद भारत ने लॉन्च किया ऑपरेशन सिंदूर
22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में बैसरन घाटी में पाकिस्तान से आए आतंकियों ने हमला कर दिया। आतंकियों ने टूरिस्ट्स से धर्म पूछकर गोलियां मारी थीं। इस हमले में 26 लोगों की जान चली गई। हमले की जिम्मेदारी लश्कर ए तैयबा के ही एक ग्रुप TRF ने ली थी।
इसके जवाब में 7 मई को भारत ने 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत पाक अधिकृत कश्मीर (POK) और पाकिस्तान में स्थित 9 आतंकी ठिकानों पर हमला कर दिया। इस हमले में जैश ए मोहम्मद का सरगना मसूद अजहर के परिवार के कई सदस्य और साथी मारे गए। 100 से ज्यादा आतंकी ढेर हुए।
जवाब में पाकिस्तान ने भी भारत पर हमला किया, लेकिन उन्हें नाकाम कर दिया गया। इसके बाद भारत ने 9 मई को पाकिस्तान के कई सैन्य ठिकानों पर मिसाइलें दागीं। इससे पाकिस्तान के सैन्य संसाधनों को बहुत नुकसान हुआ। 10 मई को दोनों देशों के बीच सीजफायर हो गया।

