शादीशुदा गर्लफ्रेंड के मुंह में विस्फोटक रखा और कर दिया ब्लास्ट: पुलिस को गुमराह करने के लिए बोला- चार्जिंग पर लगा मोबाइल फट गया; उधार दिए पैसे मांगने पर हुआ था झगड़ा
Published:
2 min read

कर्नाटक में हुंसूर की रहने वाली थी रक्षिता, हत्या के आरोप में प्रेमी सिद्धाराजू गिरफ्तार
कर्नाटक से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक प्रेमी ने अपनी शादीशुदा प्रेमिका के मुंह में विस्फोटक रखकर ब्लास्ट कर दिया। इससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। प्रेमिका की हत्या के लिए आरोपी ने एक हफ्ते पहले प्लान बनाया था। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
रक्षिता कर्नाटक के हुंसूर की रहने वाली थी। उसकी शादी एपी सुभाष से हुई थी। सुभाष दुबई में ड्राइवर है। दोनों का दो साल की बेटी भी है। लेकिन रक्षिता का 7 साल से आरोपी सिद्धाराजू के साथ अफेयर था। दोनों दूर के रिश्तेदार हैं।
होटल में खून से लथपथ पाई गई युवती
रक्षिता और सिद्धाराजू 23 अगस्त को सालिग्राम तालुका के एक गांव में लॉज में ठहरे थे। कुछ देर बाद, आरोपी होटल के रिसेप्शन में पहुंचा और कहा कि महिला का मोबाइल फट गया है, उसे अस्पताल ले जाना होगा। होटल वर्कर ने जब जाकर देखा तो महिला का शव खून से लथपथ पड़ा था। इसके बाद पुलिस को इसकी जानकारी दी गई।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने गुमराह करने के लिए बताया कि रक्षिता का मोबाइल चार्जिंग के दौरान फट गया और इससे रक्षिता बुरी तरह से जख्मी हो गई। लेकिन पुलिस ने जब उससे कड़ाई से पूछताछ की तो उसने बताया कि उसने रक्षिता के मुंह में विस्फोटक रखकर ब्लास्ट किया था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी सिद्धाराजू को खदान में विस्फोटकों का इस्तेमाल करना आता था। उसने कुछ दिन पहले पुराने चार्जर से विस्फोटक उपकरण बनाया और डेटोनेटर से ब्लास्ट कर दिया।
उधार दिए पैसे मांग रही थी रक्षिता
जांच में सामने आया है कि रक्षिता ने आरोपी सिद्धाराजू को 80 हजार रुपए दिए थे। युवती सिद्धाराजू से पैसे वापस मांग रही थी और उसे पति के पास दुबई जाना था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हो रहा था, ऐसे में आरोपी ने उसकी हत्या का प्लान बनाया। रक्षिता की सास ने बताया कि हत्या से एक दिन पहले घर से 30 सोने के सिक्के और 4-5 लाख रुपए भी गायब हैं।

